Jamshedpur News : टीएमएच में बाइक लेकर घुसने को लेकर विवाद, सुरक्षाकर्मियों ने युवक को पीटा
Edited by RAJESH SINGH
Updated:
विज्ञापन
Jamshedpur News : टाटा मुख्य अस्पताल के मुख्य द्वार पर मंगलवार दोपहर बाइक के साथ अंदर घुसने को लेकर एक युवक और सुरक्षाकर्मियों के बीच विवाद हो गया.
विज्ञापन
Jamshedpur News :
टाटा मुख्य अस्पताल के मुख्य द्वार पर मंगलवार दोपहर बाइक के साथ अंदर घुसने को लेकर एक युवक और सुरक्षाकर्मियों के बीच विवाद हो गया. बात इतनी बढ़ी कि आजादनगर निवासी मो. सलीफुल और अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों के बीच मारपीट शुरू हो गयी. घटना दोपहर करीब 2:30 बजे की है. जानकारी के अनुसार मो. सलीफुल बाइक से अस्पताल परिसर में जाना चाह रहा था, तभी मुख्य द्वार पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोक दिया. सुरक्षाकर्मियों ने पहले हेलमेट पहनने और फिर बाइक बाहर खड़ी कर पैदल अंदर जाने को कहा. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गयी, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गयी. मो. सलीफुल ने बताया कि उसके पिता अस्पताल में भर्ती थे और छुट्टी मिलने के बाद उन्हें लेने वह बाइक से पहुंचा था. इसी दौरान गेट पर सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोक दिया और हेलमेट पहनने को कहा. हेलमेट लगाने के बाद भी उसे अंदर जाने से रोक सुरक्षाकर्मियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी. मना करने पर पांच-छह सुरक्षाकर्मियों ने मिलकर उसकी पिटाई कर दी. इस दौरान मो. सलीफुल ने भी हेलमेट से सुरक्षाकर्मियों पर हमला किया. घटना का पूरा वीडियो रिकॉर्ड हो गया है. हंगामे की सूचना मिलने पर युवक के परिजन तथा आजादनगर और जुगसलाई से कई लोग अस्पताल पहुंचे और सुरक्षाकर्मियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गये. सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया. करीब एक घंटे तक गेट पर हंगामा चलता रहा. दोनों पक्षों ने थाना में लिखित शिकायत की है. पुलिस के अनुसार, अस्पताल परिसर में बाइक लेकर प्रवेश करने को लेकर विवाद हुआ था. मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










