Jamshedpur News : चापड़ से ताबड़तोड़ हमला कर किया अधमरा, एक हिरासत में

Updated at : 25 Mar 2026 1:31 AM (IST)
विज्ञापन
Jamshedpur News : चापड़ से ताबड़तोड़ हमला कर किया अधमरा, एक हिरासत में

Jamshedpur News : टेल्को थानांतर्गत थीम पार्क गेट के पास बिरसानगर संडे मार्केट निवासी आदर्श सिंह पर बाइक और स्कूटी से आए दर्जनों युवकों ने चापड़, तलवार और लाठी-डंडों से हमला कर अधमरा कर दिया.

विज्ञापन

टेल्को थीम पार्क गेट के पास मंगलवार रात करीब 8:30 बजे की घटना

आदर्श को फोन कर पुराने विवाद को सुलझाने के बहाने बुलाया गया था थीम पार्क

क्वार्टर में रहने वाले लोगों ने जब शोर सुना, तो वे हमलावरों को पकड़ने के लिए दौड़े

पुलिस घायल युवक को टाटा मोटर्स अस्पताल ले गयी, प्राथमिक उपचार के बाद टीएमएच रेफर

Jamshedpur News :

टेल्को थानांतर्गत थीम पार्क गेट के पास बिरसानगर संडे मार्केट निवासी आदर्श सिंह पर बाइक और स्कूटी से आए दर्जनों युवकों ने चापड़, तलवार और लाठी-डंडों से हमला कर अधमरा कर दिया. घटना मंगलवार रात करीब 8:30 बजे की है. जानकारी के अनुसार, आयान नामक युवक ने मंगलवार शाम में आदर्श को फोन कर पुराने विवाद को सुलझाने के बहाने थीम पार्क बुलाया. आदर्श अपने दो दोस्तों जोजो और युवराज के साथ स्कूटी से वहां पहुंचा. जैसे ही वह उतरा, पहले से तैयार बैठे आयान, मारुफ और उनके साथियों ने हमला बोल दिया. पहला वार चापड़ से उसकी गर्दन पर किया गया, जिससे वह गिर पड़ा. इसके बाद तलवार से उसकी पीठ पर कई वार किये गये. इधर, क्वार्टर में रहने वाले लोगों ने जब शोर सुना, तो वे हमलावरों को पकड़ने के लिए दौड़े. भीड़ को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गये. घटना की सूचना पर पहुंची टेल्को और गोविंदपुर पुलिस ने घायल को पहले टाटा मोटर्स अस्पताल और फिर टीएमएच पहुंचाया. वहीं, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी मारुफ को हिरासत में लिया है, जबकि आयान और अन्य की तलाश जारी है. पुलिस आदर्श के साथी जोजो और युवराज से भी पूछताछ कर रही है, ताकि पूरी साजिश का पर्दाफाश हो सके. वहीं, देर रात तक मिली सूचना के अनुसार मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं की गयी है.

युवती के पिता को जानकारी देना पड़ा महंगा

घटना के पीछे एक प्रेम प्रसंग की रंजिश सामने आ रही है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रकाशनगर की रहने वाली एक युवती का गोलमुरी निवासी आयान नामक युवक के साथ मेल-जोल था. आदर्श ने इसकी जानकारी युवती के पिता को दे दी थी. पिता के फटकार लगाने पर युवती ने आदर्श को फोन पर जान से मरवा देने की धमकी दी थी. आशंका लगायी जा रही है कि आयान ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर जानलेवा हमले की साजिश रची.

टीएमएच में भर्ती आदर्श की स्थिति चिंताजनक

आदर्श (20 वर्ष) ने हाल ही में प्राइवेट से इंटर (12वीं) की परीक्षा दी है. टीएमएच में उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. जानकारी के अनुसार, देर रात ऑपरेशन शुरू हो गया था. अत्याधिक रक्तश्राव के कारण ब्लड बैंक से चार बोतल खून मंगवाया गया. आदर्श के पिता संजय सिंह एक निजी संस्थान में गार्ड और मां टाटा मोटर्स के स्कूल में पियून हैं.

विज्ञापन
RAJESH SINGH

लेखक के बारे में

By RAJESH SINGH

RAJESH SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola