तिलैया डैम से 65 घंटे बाद निकला ट्रक चालक का शव
Published by : SUNIL PRASAD Updated At : 14 Mar 2026 10:45 PM
रांची से आयी एनडीआरएफ की टीम ने 50 फीट गहरे पानी से ढूंढ निकाला शव
बरही. बरही के जवाहर घाट में पुल की रेलिंग तोड़कर तिलैया डैम में डूबे मछली लदे ट्रक के चालक सनपति सुरीबाबू का शव शनिवार को अपराह्न करीब तीन बजे बरामद कर लिया गया. स्थानीय तैराकों का प्रयास विफल हो जाने के बाद स्थानीय प्रशासन ने रांची से एनडीआरएफ की टीम को बुलाया था. आधुनिक उपकरण से लैस एनडीआरएफ की टीम ने शनिवार को कुछ ही घंटे में डैम के 50 फीट गहरे पानी में डूबे चालक के शव को खोजकर बाहर निकाल लिया. बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार घटनास्थल पर लगातार मौजूद रहकर रेस्क्यू कार्य को संचालित कर रहे थे. उन्होंने बताया कि चालक के शव की स्थिति खराब हो गयी थी. चालक के पानी में डूबे लगभग 65 घंटे हो गये थे. पोस्टमार्टम के बाद शव को मॉर्चरी में रखा जायेगा, मृतक के परिजन के आने के बाद शव उन्हें सौंप दिया जायेगा. चालक सनपति सुरी बाबू आंध्र प्रदेश का रहने वाला था. बुधवार को उक्त ट्रक आंध्र प्रदेश से 13 क्विंटल मछली लोड कर मुजफ्फरपुर (बिहार) जा रहा था. घटना में ट्रक के खलासी की जान बच गयी थी.
बुधवार की रात रेलिंग तोड़ डैम में समा गया था ट्रक
मछली लदा ट्रक (एपी35एक्स-8299) बुधवार की रात करीब साढ़े 10 बजे डैम में डूबा था. जिसे 24 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गुरुवार की रात गहरे पानी से निकाल लिया गया था, पर चालक का शव नहीं मिल पाया था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










