22 मौजों की 796 एकड़ खास महाल भूमि का सर्वेक्षण कल से

उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लिया गया निर्णय
हजारीबाग. जिले में खास महाल भूमि की वास्तविक स्थिति का पता लगाने के लिए प्रशासन ने विशेष सर्वेक्षण अभियान चलाने का निर्णय लिया है. उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में शनिवार को आयोजित बैठक में इस संबंध में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये. बैठक में बताया गया कि हजारीबाग खास महाल के अंतर्गत आने वाले 22 मौजों में स्थित कुल 796.17 एकड़ भूमि है. जिसका सर्वेक्षण आठ जून से आठ जुलाई 2026 तक किया जायेगा. अभियान का उद्देश्य खास महाल भूमि से जुड़े लीज नवीकरण, नामांतरण, हस्तांतरण, प्रयोजन परिवर्तन, पुनर्ग्रहण तथा अतिक्रमण की वास्तविक स्थिति का आकलन करना है.
सर्वेक्षण के लिए पांच टीमें गठित
सर्वेक्षण कार्य के लिए पांच टीमें गठित की गयी हैं. प्रत्येक टीम में एक पदाधिकारी, एक राजस्व उप निरीक्षक, एक अमीन, एक फोटोग्राफर तथा एक चौकीदार शामिल रहेंगे. टीम संबंधित क्षेत्रों का भौतिक सत्यापन करने के साथ अभिलेखों की भी जांच करेगी. जिला प्रशासन ने खास महाल भूमि पर रहने वाले लोगों से सर्वेक्षण के दौरान स्थल पर उपस्थित रहकर आवश्यक दस्तावेज एवं जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है. प्रशासन का कहना है कि सर्वेक्षण से भूमि अभिलेखों को अद्यतन करने तथा लंबित मामलों के निष्पादन में मदद मिलेगी. सर्वेक्षण में प्राप्त तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










