मुआवजा राशि में असमानता के विरोध में रैयतों का धरना

भूमि मूल्य पर गुणक प्लस टू का लाभ नहीं मिलने का आरोप
चौपारण. पिपरा एवं सिंघरांवा के रैयतों ने भूमि अधिग्रहण में मुआवजा की राशि में असमानता के विरोध में रविवार को बजरंग चौक के पास धरना-प्रदर्शन किया. रैयत एनएच-2/4 के छह लेन चौड़ीकरण परियोजना में समान परियोजना, समान मुआवजा की मांग कर रहे थे. उनका कहना था कि हजारीबाग जिले के अन्य प्रभावित गांवों के रैयतों को भूमि मूल्य पर गुणक प्लस टू का लाभ दिया गया है. जबकि पिपरा एवं सिंघरावां के कई रैयत इस लाभ से वंचित हैं. इसके अलावा भूमि, मकान, कुआं, पेड़-पौधे एवं अन्य परिसंपत्तियों पर देय 12 प्रतिशत वार्षिक ब्याज का भी भुगतान नहीं किया गया. रैयत सड़क परिवहन, राजमार्ग मंत्रालय के दिशा-निर्देशों तथा सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के अनुरूप क्षतिपूर्ति एवं ब्याज भुगतान सुनिश्चित करने की मांग कर रहे थे. उनका कहना था कि एक ही परियोजना में अलग-अलग मुआवजा राशि का भुगतान अनुचित है. पिपरा के प्रभावित परिवारों को लगभग 4.40 करोड़ रुपये की राशि कम दी गयी है. संरचनाओं के मुआवजे पर देय ब्याज का भी भुगतान नहीं हुआ है.
एक ही परियोजना में अलग-अलग मुआवजा नीति असंगत
पूर्व मुखिया सुरेश साव ने कहा कि एक ही परियोजना में प्रभावित लोगों के साथ अलग-अलग मुआवजा नीति अपनाना न्यायसंगत नहीं है. उन्होंने सभी प्रभावित रैयतों को समान मुआवजा देने की मांग की. कांग्रेस नेता दीपक गुप्ता ने कहा कि पिपरा और सिंघरावां के रैयतों के साथ अन्याय हुआ है. ग्रामीणों की मांग पूरी तरह न्यायोचित एवं वैधानिक है. इनकी मांगों पर विभाग ने ठोस कदम नहीं उठाया, तो रैयतों के साथ आंदोलन करने को बाध्य होंगे. धरना में सीताराम राणा, अनिल कुमार, बंटी कुमार, डॉ राज कुमार राणा, खीरू साव, सुनील साव, जगदेव प्रसाद, खेमलाल साव, भुवनेश्वर साव, महेश साव, किशोर साव, रामोतार राणा, कुलेश्वर साव, परमेश्वर साव सहित कई लोग शामिल थे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










