बहेरी मंझलीटांड़ के बिट्टू कुमार की मौत मामले में नया मोड़
Published by : SUNIL PRASAD Updated At : 19 Jan 2026 10:40 PM
पत्नी का आरोप, साजिश के तहत घर से बुलाकर की पति की हत्या
हजारीबाग. दारू थाना क्षेत्र के दिगवार-आकाकुंबा रोड पर 18 जनवरी को बिट्टू कुमार की संदिग्ध मौत ने सोमवार को नया मोड़ ले लिया. मृतक बिट्टू कुमार सदर प्रखंड के बहेरी मंझलीटांड़ का रहनेवाला था. वह इलेक्ट्रिशियन व डीजे साउंड का काम करता था. बिट्टू की मौत को परिजनों व ग्रामीणों ने हत्या बताया है. बिट्टू कुमार की पत्नी यशोदा कुमारी का आरोप है कि उसके पति को घर से बुलाकर साजिश के तहत हत्या की गयी है. पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है. यशोदा कुमारी के अनुसार उसके पति बिट्टू कुमार से कुछ साल पहले बहेरी निवासी अशोक कुमार ने जमीन देने के बदले छह लाख रुपये लिया था, लेकिन उसने जमीन नहीं दी. यशोदा ने बताया कि मेरे पति लगातार उससे पैसे की मांग कर रहे थे. बहेरी ऊपर टोला में हमलोग घर बना रहे हैं. 18 जनवरी की सुबह से मेरे पति व अन्य लोग रॉड बांध रहे थे. दोपहर 12 बजे पति नहाने-खाने के लिए घर आये. इसी बीच अशोक कुमार का फोन आया. उसने मेरे पति को अकेले चुरचू बुलाया. यशोदा कुमारी के अनुसार एक घंटे के दौरान करीब चार बार अशोक का फोन आया था. इसके बाद मेरे पति मोटरसाइकिल लेकर चुरचू के लिए निकले. शाम में पता चला कि उनकी मौत आकाकुंबा रोड में हो गयी है. इसके बाद हमने अशोक कुमार को फोन किया, तो उसने कहा कि बिट्टू तो उससे मिला ही नहीं है.
शव के साथ डिस्ट्रिक बोर्ड चौक ढाई घंटे जाम रखा
बिट्टू कुमारी की मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने न्याय की मांग को लेकर सोमवार की दोपहर तीन बजे से शव के साथ डिस्ट्रिक बोर्ड चौक को जाम कर दिया. इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लगी रही. सीसीआर डीएसपी मनोज सिंह के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने शाम करीब साढ़े पांच बजे जाम हटाया. सीसीआर डीएसपी ने घटना की निष्पक्ष जांच व दोषियों पर कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया. इस दौरान सदर इंस्पेक्टर सुभाष कुमार सिंह व मनीष सिंह उपस्थित थे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










