बच्चे में ये लक्षण दिखें तो तुरंत कराएं जांच, बरकट्ठा में 21 अगस्त से शुरू होगा खास अभियान
फोटो कैप्शन 18 बरकट्ठा 1 में - सीएचसी में आयोजित बैठक में उपस्थित लोग. | Prabhat Khabar Network
बरकट्ठा सीएचसी में नन्हा सा दिल अभियान को लेकर बैठक हुई। 21 अगस्त से 10 सितंबर तक 0-18 वर्ष के बच्चों के हृदय रोग की निःशुल्क जांच और उपचार किया जाएगा।
बरकट्ठा: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरकट्ठा में नन्हा सा दिल अभियान को लेकर बैठक हुई. अध्यक्षता प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ रत्ना रानी कुंज ने की संचालन बीटीटी प्रकाश पंडित ने किया. बैठक में बरकट्ठा और चलकुशा प्रखंड के सभी 26 पंचायतों में 21 अगस्त से 10 सितंबर 2026 तक 'नन्हा सा दिल अभियान' चलाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया.
श्री सत्य साई अस्पताल छत्तीसगढ़ और राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों और स्कूलों में विशेष शिविर लगाकर 0 से 18 वर्ष तक के बच्चों के हृदय रोग की निःशुल्क जांच की जाएगी. चिकित्सा पदाधिकारी डॉ रत्ना रानी कुंज ने बताया कि कई बार माता-पिता जन्मजात हृदय रोग के लक्षणों को सामान्य बीमारी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, जिससे स्थिति गंभीर हो जाती है.
यदि बच्चों में तेज धड़कन, होठों या शरीर का नीलापन, वजन न बढ़ना, बार-बार निमोनिया या सांस लेने और दूध पीते समय अत्यधिक पसीना आने जैसे लक्षण दिखें, तो उन्हें तुरंत शिविर में जांच के लिए ले जाना चाहिए. आरबीएसके के डॉ जसीम अख्तर ने जानकारी दी कि शिविर में प्राथमिक जांच के बाद संदिग्ध पाए गये बच्चों की विशेषज्ञ डॉक्टरों से जांच कराई जाएगी.
जन्मजात हृदय रोग की पुष्टि होने पर बच्चों को श्री सत्य साईं अस्पताल भेजा जाएगा, जहां उनका संपूर्ण उपचार पूरी तरह से निःशुल्क किया जाएगा. बैठक में डाॅ कार्तिक उरांव, डॉ राकेश्वर कुमार, कृतिका, बीपीएम रंजीत कुमार सिंह, हेल्थ मैनेजर पंकज कुमार शर्मा, प्रधान लिपिक सोनी कुमार रविदास, डाटा मैनेजर सत्यनारायण कुमार समेत अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









