चौपारण में रसोई गैस का संकट गहराया
Published by : SUNIL PRASAD Updated At : 23 Mar 2026 11:03 PM
गोदाम पर सुबह से लग रही सिलेंडर के लिए लंबी कतार
चौपारण. जब से रसोई गैस के मूल्य में वृद्धि हुई है, तब से उपभोक्ता गैस की किल्लत से जूझ रहे हैं. हालात ऐसे हैं कि गैस सिलेंडर पाने के लिए लोगों को सुबह-सुबह ही एजेंसी गोदाम के बाहर लंबी कतार में लगना पड़ रहा है. बावजूद इसके कई उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है. जिससे उनमें भारी आक्रोश देखा जा रहा है. ब्रह्मर्षि समाज के अध्यक्ष सुधीर सिंह, प्रो बिराज रविदास, रेवाली पासवान, मुखिया अन्नपूर्णा देवी, ब्रह्मदेव भुइयां ने कहा पिछले कई दिनों से गैस की आपूर्ति अनियमित बनी हुई है. समय पर सिलेंडर नहीं मिलने से घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहा है. खासकर महिलाओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कई परिवार मजबूरी में लकड़ी और कोयले का सहारा ले रहे हैं. गोदाम पर भीड़ के कारण अव्यवस्था की स्थिति भी बन रही है. उपभोक्ताओं का आरोप है कि कुछ लोगों को पहले ही सिलेंडर दे दिया जाता है, जबकि घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद आम लोगों को गैस नहीं मिल पा रही है. इसे लेकर कई बार बहस और नोकझोंक की स्थिति भी उत्पन्न हो चुकी है. एजेंसी संचालकों का कहना है कि सरकार की गाइड लाइन से उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति की जा रही है. चैती छठ, रामनवमी एवं ईद, सरहुल को लेकर गैस की खपत अचानक बढ़ने से थोड़े समय के लिए गैस की समस्या उतपन्न हुई थी, पर अब धीरे-धीरे सामान्य हो रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










