कम वर्षा की आशंका को लेकर वैकल्पिक खेती की जानकारी
Published by : SUNIL PRASAD Updated At : 27 May 2026 10:46 PM
खरीफ-रबी फसल को लेकर कार्यशाला
बरकट्ठा. प्रखंड कार्यालय सभागार में खरीफ/रबी फसल को लेकर कार्यशाला का आयोजन किया गया. शुभारंभ प्रखंड प्रमुख रेणु देवी, बीस सूत्री अध्यक्ष प्रदीप कुमार मंडल, उपप्रमुख सूरजी देवी, बीएओ अशोक ठाकुर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. कार्यशाला में खरीफ मौसम के दौरान कम वर्षा की संभावना को देखते हुए किसानों को आकस्मिक फसल योजना बनाने तथा वैकल्पिक खेती अपनाने को लेकर जानकारी दी गयी. साथ ही संतुलित खाद व्यवहार, मिट्टी जांच एवं उन्नत कृषि तकनीकों पर भी बताया गया. प्रमुख ने कहा कि समय के साथ मिट्टी, बीज एवं खेती के प्रारूप में बदलाव हो रहा है, इसलिए किसानों को खेती के प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता है. प्रखंड तकनीकी प्रबंधक चिंता हरण पाठक ने किसानों को खेत की मेड़बंदी दुरुस्त करने, कम अवधि वाली फसल लगाने तथा वैकल्पिक फसल के रूप में उड़द, मूंग, ज्वार एवं मड़ुवा की खेती करने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि बदलते मौसम को देखते हुए किसानों को समय रहते वैकल्पिक तैयारी कर लेनी चाहिए. बीएओ ने किसानों को उन्नत बीज के प्रयोग एवं बीज उपचार के महत्व के बारे में बताया. इफको के क्षेत्र प्रबंधक विजय कुमार ने संतुलित उर्वरक उपयोग एवं समेकित कृषि को बढ़ावा देने पर जोर दिया. प्रदीप मंडल ने समय पर बीज उपलब्ध कराने, पैक्स के माध्यम से अधिक से अधिक किसानों को लाभ पहुंचाने तथा बीज अनुदान की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही. कार्यक्रम में कृषक मित्र टुकलाल नायक, सांसद प्रतिनिधि परमेश्वर साहू, कृषक अध्यक्ष उत्तीम महतो, एफपीओ डायरेक्टर हीरालाल प्रसाद, बुलाकी प्रसाद, कृषक मित्र समेत अन्य लोग उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










