छडवा क्रिकेट मैदान में मिला एक शव
Published by : Akarsh Aniket Updated At : 14 Jun 2026 9:42 PM
छडवा क्रिकेट मैदान में मिला एक शव
कटकमसांडी. पेलावल ओपी क्षेत्र के छड़वा डैम समीप क्रिकेट मैदान में रविवार की सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान पगमिल फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी इमरान हुसैन उर्फ सोनू (40 वर्ष) के रूप में हुई, जो छोटी वाहन का चालक था. शव से कुछ दूरी पर उसकी लाल रंग की ग्लैमर मोटरसाइकिल और चाबी भी बरामद हुई. घटना की सूचना मिलते ही परिजन आक्रोशित हो उठे और इंद्रपुरी चौक पर सड़क जाम कर हत्या की साजिश का आरोप लगाते हुए दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की. परिजनों ने बताया कि सोनू के शरीर पर गहरे चोट के निशान थे और एक सप्ताह पूर्व उसे जान से मारने की धमकी भी मिली थी. मृतक की पत्नी के साथ संबंध मधुर नहीं थे और पूर्व में पत्नी के मायके वालों के साथ विवाद भी हुआ था. इस घटना से मृतक के दो बेटे और एक बेटी के सिर से पिता का साया उठ गया है, जिससे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
मृतक के भाई गजाली खान ने पांच लोगों पर हत्या का मामला दर्ज कराया है. दर्ज प्राथमिकी में पत्नी शबाना परवीन, सास संजीदा, साढ़ू शहजाद खान, असगर खान और जेठसास का नाम शामिल है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है.पेलावल ओपी प्रभारी बिट्टू रजक ने बताया कि मृतक के भाई के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले का पूरा खुलासा होगा. फिलहाल पुलिस नामजद आरोपियों की संलिप्तता की जांच कर रही है और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










