महिला से चेन छिनतई कर बाइक सवार उचक्के फरार
Published by : SUNIL PRASAD Updated At : 29 May 2026 9:36 PM
सुबह दूध लेने जा रही महिला को बनाया निशाना
बरही. शुक्रवार की सुबह शहर के सामंतो पेट्रोल पंप के समीप एक महिला से चेन छिनतई की घटना हुई. जानकारी के अनुसार भुक्तभोगी महिला उर्मिला देवी (पति सुखदेव साव) सुबह करीब छह बजे दूध लेने जा रही थी. उसी समय पीछे से मोटरसाइकिल सवार दो उचक्के आये और झपट्टा मार कर महिला के गले से चेन खींचकर फरार हो गये. इस क्रम में महिला सड़क पर गिरने से घायल हो गयी. स्थानीय लोगों ने उसे उठाकर बरही अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया है. चेन खींचने की वजह से उसका गला जख्मी हो गया है. वहीं गिरने से सिर में चोट लगी है. बरही पुलिस ने बताया कि महिला के गले में सोने का नहीं बल्कि रोल्ड गोल्ड का चेन था. इसलिए परिजनों ने घटना की प्राथमिकी दर्ज नहीं करायी. फिर भी सीसीटीवी फुटेज से अपराधियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है.
अलग-अलग दुर्घटना में दंपती समेत तीन घायल
बरकट्ठा. थाना क्षेत्र में शुक्रवार को अलग-अलग सड़क दुर्घटना में दंपती समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. घायलों में ग्राम गयपहाड़ी निवासी महबूब अंसारी (32 वर्ष), उनकी पत्नी सुहानी खातून (30 वर्ष) तथा ग्राम कोनहराकला निवासी तनवीर अंसारी (16 वर्ष) शामिल हैं. इनका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरकट्ठा में किया गया. जहां से चिकित्सक ने महबूब अंसारी एवं सुहानी खातून को बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल हजारीबाग रेफर कर दिया.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










