युवती ने महिला थाना परिसर में जहर खाया, जान देने का प्रयास
Published by : SUNIL PRASAD Updated At : 03 Jan 2026 10:42 PM
प्रेमी पर कार्रवाई नहीं होने से निराश थी
हजारीबाग. हजारीबाग महिला थाना में शनिवार की शाम उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब अपने प्रेमी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से निराश एक युवती ने थाना परिसर में ही जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया. वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने युवती को गंभीर हालत में शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया. जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है. चिकित्सक उसके स्वास्थ्य की निगरानी कर रहे हैं. जानकारी के अनुसार बड़कागांव थाना क्षेत्र की उक्त युवती का प्रेम प्रसंग अपने ही गांव के एक युवक से चल रहा था. युवक शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में फोर्थ इयर का छात्र है. वहीं युवती रांची के एक अस्पताल में नर्स का काम करती है. युवती का आरोप है कि प्रेमी ने शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाया. उनके इस प्रेम प्रसंग की जानकारी दोनों के परिजनों को है. शादी की बात कहने पर प्रेमी के परिवारवालों ने दहेज व जमीन रजिस्ट्री कराने की शर्त रखी. युवती के अनुसार उसका परिवार आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण दहेज की राशि देने में असमर्थ है. युवती का कहना था कि उसने इसकी शिकायत रांची थाना समेत हजारीबाग के विभिन्न थानों में की. अंत में इसकी शिकायत महिला थाना में करने को कहा गया. उसने आठ जुलाई 2025 को महिला थाना में आवेदन दिया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. इसके बाद इसकी शिकायत 31 जुलाई को महिला आयोग में की. जिसके बाद 26 अगस्त को युवक के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया. डीएसपी मनोज कुमार सिंह ने कहा कि युवती के द्वारा दिये गये आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस जांच में मामला सही पाया गया. युवक की गिरफ्तारी के लिए वारंट भी जारी किया गया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










