राणी सती दादी का भव्य मंगल पाठ हुआ

शहर के जैन मंदिर रोड स्थित संस्कार इनक्लेव हॉल परिसर में मंगलवार को राणी सती दादी का भव्य मंगल पाठ श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ
डोली अग्रवाल व श्वेता अग्रवाल के भजनों की प्रस्तुति से दादी भक्त झूमे
हजारीबाग. शहर के जैन मंदिर रोड स्थित संस्कार इनक्लेव हॉल परिसर में मंगलवार को राणी सती दादी का भव्य मंगल पाठ श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ. इस आयोजन का संचालन सुरेंद्र खंडेलवाल ने किया. कार्यक्रम में शहर की 51 से अधिक महिलाएं एक साथ बैठकर दादी का मंगल पाठ करती रहीं. पूरे परिसर में भक्ति, उल्लास और श्रद्धा का अद्भुत वातावरण बना रहा.कार्यक्रम का शुभारंभ राणी सती दादी मंदिर के प्रधान पुजारी शशिकांत मिश्रा ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर कराया. उन्होंने सुरेंद्र खंडेलवाल एवं उनकी पत्नी शारदा खंडेलवाल को विशेष पूजा कराकर मंगल पाठ का प्रारंभ कराया. पाठ के दौरान दादी को छप्पन भोग अर्पित किया गया और श्रद्धालुओं ने फूलों की होली खेलते हुए अपनी भक्ति अर्पित की. दादी का दरबार अलौकिक श्रृंगार से सजाया गया, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा.
कोलकाता से आयी सुप्रसिद्ध पाठ वाचिका डोली अग्रवाल एवं उनकी सहयोगी श्वेता अग्रवाल ने जन्म से लेकर विदाई तक के भजनों की प्रस्तुति दी. दादी तेरी शरण में आया और खाली कोई न जाय दर से जैसे भजनों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया. दोनों भजन गायिकाओं को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया.इस अवसर पर सभी महिलाएं पारंपरिक राजस्थानी परिधान में लाल एवं पीली साड़ी पहनकर शामिल हुईं, जिससे धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल और भी भव्य हो उठा. कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के बीच खिलौने, ट्रॉफी एवं मेवा का वितरण किया गया. आयोजन में सुरेंद्र खंडेलवाल, शारदा खंडेलवाल, प्रमोद खंडेलवाल, विनीता खंडेलवाल, रितेश सोनाली खंडेलवाल सहित अन्य परिवार का सहयोग सराहनीय रहा. अंत में तेरह सुहागन महिलाओं ने दादी की भव्य महाआरती कर मंगल पाठ का समापन किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




