80 स्कूल के 160 शिक्षक सम्मानित
Published by : SUNIL PRASAD Updated At : 23 Mar 2026 11:00 PM
जिले के सरकारी स्कूलों में स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रम के तहत बेहतर कार्य का पुरस्कार
हजारीबाग. जिले के सरकारी विद्यालयों में स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रम के तहत बेहतर काम करने वाले शिक्षकों को सोमवार को सम्मानित किया गया. इसे लेकर नगर भवन में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत जिला स्तरीय साथिया (पीयर एजुकेटर) सम्मेलन एवं स्वास्थ्य आरोग्य दूत सम्मान समारोह का आयोजन हुआ. कार्यक्रम में डीएसइ आकाश कुमार के अलावा राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम की राज्य समन्वयक रफत फरजाना, सिविल सर्जन डॉ अशोक कुमार, सेंटर फॉर कैटलाइजिंग चेंज (सी-थ्री) के पदाधिकारी सहित कार्यक्रम से जुड़े लोग मौजूद थे. सी-थ्री के जिला प्रतिनिधि अभिनव कुमार ने बताया कि स्कूलों में अध्ययनरत किशोर-किशोरियों को शिक्षा के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य, पोषण, व्यक्तिगत स्वच्छता, लिंग समानता, नशामुक्ति, चोट व हिंसा से बचाव, इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग, मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक कल्याण, बाल विवाह, बाल तस्करी मिलाकर अलग-अलग जीवन जीने के महत्वपूर्ण 16 से अधिक विषयों पर जागरूकता फैलाने में शिक्षक जुटे हैं. इनमें 80 विद्यालयों के 160 शिक्षकों की भूमिका सराहनीय है. इन शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. साथ ही स्वस्थ जीवन शैली को लेकर स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर चर्चा की गयी. वहीं, चयनित साथिया की ओर से विभिन्न रोगों से बचाव में जागरूकता लाने, माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, युवाओं में बढ़ते नशे की रोकथाम जैसे विषयों पर लघु नाटिका का मंचन किया गया. सिविल सर्जन ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में सभी महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी दी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










