तमिलनाडु से लौट रही महिला ट्रेन से रहस्यमय ढंग से लापता, पति ने पुलिस से लगाई खोजने की गुहार

Updated:
विज्ञापन

ट्रेन से लापता प्रियंका कुमारी. फोटो: प्रभात खबर

Gumla News: गुमला की एक महिला तमिलनाडु के इरोड से रांची लौटते समय ट्रेन से रहस्यमय ढंग से लापता हो गई. विजयवाड़ा के पास पति से आखिरी बार बात होने के बाद उसका मोबाइल बंद हो गया. पति ने गुमला थाना में आवेदन देकर पत्नी की तलाश की गुहार लगाई है.

विज्ञापन

गुमला से दुर्जय पासवान की रिपोर्ट

Gumla News: झारखंड के गुमला जिले की रहने वाली एक महिला के तमिलनाडु से घर लौटने के दौरान रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है. महिला ट्रेन से रांची आ रही थी, लेकिन निर्धारित समय पर ट्रेन के रांची पहुंचने के बाद भी वह नहीं मिली. घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है. महिला के पति ने गुमला थाना में लिखित आवेदन देकर पत्नी की तलाश कराने की मांग की है.

इरोड स्टेशन से रांची के लिए हुई थीं रवाना

आवेदन के अनुसार गुमला थाना क्षेत्र के सतपारा घटगांव निवासी कमल खेरवार की पत्नी प्रियंका कुमारी 24 जून 2026 को तमिलनाडु के इरोड रेलवे स्टेशन से रांची आने के लिए ट्रेन में सवार हुई थीं. यात्रा के दौरान वह लगातार अपने पति के संपर्क में थीं और मोबाइल फोन पर बातचीत होती रही. पति के अनुसार सफर सामान्य तरीके से चल रहा था और किसी तरह की परेशानी की जानकारी प्रियंका ने नहीं दी थी.

विजयवाड़ा के पास हुई थी आखिरी बातचीत

कमल खेरवार ने पुलिस को बताया कि 25 जून की शाम तक उनकी पत्नी से मोबाइल पर बातचीत होती रही. अंतिम बार शाम करीब 5:28 बजे विजयवाड़ा रेलवे स्टेशन के पास उनकी बातचीत हुई थी. उस समय प्रियंका ने बताया था कि वह ट्रेन में ही सफर कर रही हैं और सब कुछ सामान्य है. लेकिन इसके कुछ समय बाद ही उनका मोबाइल फोन अचानक बंद हो गया. इसके बाद कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला.

रांची स्टेशन पर घंटों इंतजार, नहीं मिला कोई सुराग

26 जून को ट्रेन के रांची पहुंचने के निर्धारित समय पर कमल खेरवार अपने परिजनों के साथ रेलवे स्टेशन पहुंचे. उन्होंने काफी देर तक पत्नी का इंतजार किया, लेकिन प्रियंका ट्रेन से बाहर नहीं निकलीं. इसके बाद परिजनों ने स्टेशन परिसर में खोजबीन की और अन्य यात्रियों से भी जानकारी लेने की कोशिश की. हालांकि काफी प्रयास के बावजूद महिला का कोई पता नहीं चल सका.

इसे भी पढ़ें: देवघर में सड़क सुरक्षा में लापरवाही पर प्रशासन सख्त, 1157 चालकों से वसूला गया 28.43 लाख का जुर्माना

पुलिस से लगाई तलाश की गुहार

पत्नी के लापता होने के बाद कमल खेरवार ने गुमला थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया और पुलिस से जल्द से जल्द खोजबीन शुरू करने की मांग की है. पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच की तैयारी में जुट गई है. परिजनों को उम्मीद है कि जल्द ही महिला का पता चल जाएगा और वह सकुशल अपने घर लौट आएंगी. फिलहाल घटना के बाद परिवार के लोग बेहद चिंतित हैं और महिला की सुरक्षित वापसी की प्रतीक्षा कर रहे हैं.

इसे भी पढ़ें: पीवीयूएनएल की तीसरी 800 मेगावाट इकाई मार्च 2027 तक होगी चालू, स्थानीय युवाओं के रोजगार पर रहेगा विशेष जोर

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola