पहले बिखरे पड़े थे सैकड़ों शिवलिंग, अब बदली टांगीनाथ धाम की सूरत; जानिए क्या-क्या बदला
टांगीनाथ धाम | Prabhat Khabar Network
गुमला के प्रसिद्ध बाबा टांगीनाथ धाम में हुए विकास कार्यों से श्रद्धालुओं को मिली नई सुविधाएं. जानिए मंदिर के बदलते स्वरूप और धार्मिक महत्व के बारे में विस्तार से.
डुमरी (गुमला) . जिला के डुमरी प्रखंड स्थित प्रसिद्ध बाबा टांगीनाथ धाम श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास का प्रमुख केंद्र है। धाम परिसर में लगातार हो रहे विकास और सौंदर्यीकरण कार्यों के बाद अब इसकी तस्वीर पूरी तरह बदलती नजर आ रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यहां कई महत्वपूर्ण कार्य कराए गए हैं, जिससे धाम पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित, आकर्षक और सुविधायुक्त दिखाई देने लगा है। धाम परिसर के चारों ओर सौंदर्यीकरण का कार्य जारी है।
धूप-बारिश से ठहरने तक, टांगीनाथ धाम में श्रद्धालुओं के लिए बढ़ीं ये सुविधाएं
श्रद्धालुओं के आने-जाने के लिए चढ़ने और उतरने वाली दोनों ओर की सीढ़ियों पर शेड का निर्माण कराया गया है। इससे तेज धूप और बारिश के दौरान श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलेगी। वहीं, धाम के मुख्य मंदिर को भी आकर्षक और खूबसूरत स्वरूप प्रदान किया गया है। इसके अलावा परिसर में नए दुर्गा मंदिर का निर्माण कार्य भी चल रहा है। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, बैठने की व्यवस्था और सामूहिक शौचालय, स्नानघर की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। वहीं, गेस्ट रूम के निर्माण से दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने की सुविधा भी मिल रही है। इन सुविधाओं के विस्तार से श्रद्धालुओं को अब पहले की अपेक्षा काफी सहूलियत हो रही है।
पुराने स्वरूप से बदली धाम की तस्वीर
कुछ समय पहले तक बाबा टांगीनाथ धाम में श्रद्धालुओं को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। सीमित सुविधाओं, सीढ़ियों पर शेड की कमी तथा बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी होती थी। लेकिन विकास कार्यों के बाद अब धाम परिसर अधिक व्यवस्थित और आकर्षक नजर आ रहा है।
धाम के पुराने स्वरूप और वर्तमान में हुए बदलाव
के बारे में बीरेंद्र जायसवाल ने बताया कि पहले धाम परिसर में सैकड़ों शिवलिंग जगह-जगह बिखरे पड़े थे। मंदिर के पौराणिक स्वरूप से जुड़े बड़े-बड़े ईंट भी परिसर में यहां वहां बिखरे हुए थे। अब शिवलिंगों और बिखरी हुई ईंटों को व्यवस्थित कर सजाया गया है, जिससे धाम को एक नया और आकर्षक स्वरूप देखने को मिल रहा है।
टांगीनाथ धाम की बदलती तस्वीर देगी धार्मिक पर्यटन को नई दिशा
उन्होंने आगे कहा कि धाम में हो रहे विकास कार्य केवल श्रद्धालुओं की सुविधा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इससे क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के बाद बाबा टांगीनाथ धाम का परिसर और अधिक आकर्षक हो गया है। आने वाले समय में शेष विकास कार्य पूरे होने के बाद धाम की भव्यता और बढ़ने की उम्मीद है। साथ ही, धाम का बदलता स्वरूप क्षेत्र की धार्मिक पहचान को और मजबूती के साथ आने वाली दिनों में पर्यटन की संभावनाओं को नई दिशा दे सकता है।
ये भी देखे: परिवार संग बाबा टांगीनाथ धाम पहुंचीं मंत्री दीपिका सिंह पांडे, विकास कार्यों का लिया जायजा
ये भी देखे: टांगीनाथ धाम, गुमला का अद्भुत शिवधाम जहां 17 फीट धंसा त्रिशूल
आस्था और विश्वास का मजबूत केंद्र
धाम के मुख्य पुजारी बैगा रामकृपाल ने बताया कि बाबा टांगीनाथ धाम अब काफी विख्यात हो चुका है। यहां आने वाले हजारों श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर अपनी मनोकामनाएं मांगते हैं। श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है कि बाबा के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई मन्नतें पूरी होती हैं। यही विश्वास इस धाम को श्रद्धालुओं के लिए आस्था और विश्वास का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनाता है। बाबा टांगीनाथ धाम में आने वाले श्रद्धालुओं को अब बेहतर धार्मिक एवं आध्यात्मिक अनुभव मिल सकेगा।
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दुर्जय पासवान
दुर्जय पासवान ने वर्ष 2001 से पत्रकारिता की शुरुआत की. दैनिक जागरण में दो साल काम करने के बाद 2003 में वे प्रभात खबर से जुड़े. इसके साथ ही नयी दुनिया अखबार, प्रहार मैगजीन में भी अपनी सेवा दी. इसके बाद 2010 में वे दैनिक भास्कर गुमला का ब्यूरो इंचार्ज के रूप में काम शुरू किये. भास्कर में पांच साल सेवा देने के बाद दोबारा 2014 में प्रभात खबर में ब्यूरो इंचार्ज के रूप में वापसी की. तब से अबतक प्रभात खबर से जुड़े हुए हैं. उन्होंने नक्सलियों से जुड़ी खबरें, नक्सली घटनाएं, ग्राउंड रिपोर्ट, प्राचीन और ऐतिहासिक धरोहरों की खोज से संबंधित खबरों पर अच्छा काम किया. इन्हीं खबरों ने उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में पहचान दी. दुर्जय पासवान बहुत लगन से अपना सभी काम का पूरा करते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए







