सड़क सुरक्षा पर सख्ती, लापरवाही बर्दाश्त नहीं : डीसी

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिये गये दिशा-निर्देश
गुमला. जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम व सड़क सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन को लेकर गुरुवार को उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई. बैठक में उपायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा मानकों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जायेगी और सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करें. बैठक में ग्राम जुरा के समीप स्थित दुर्घटना संभावित कट को तत्काल प्रभाव से बंद कर उसे लगभग 300 मीटर आगे सिसई की ओर स्थानांतरित करने का निर्देश दिया गया. गुमला-पलमा मार्ग पर स्थानीय स्तर पर बनाये गये सभी अनधिकृत कटों को स्थायी रूप से बंद कराने के निर्देश भी दिये गये. जिले की विभिन्न सड़कों और पुलों की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्यों को प्राथमिकता देने पर बल दिया गया. राष्ट्रीय राजमार्ग-143 (गुमला-पालकोट मार्ग) पर सेमरा नदी के पुल की क्षतिग्रस्त रेलिंग को शीघ्र दुरुस्त करने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-143ए (गुमला-घाघरा मार्ग) पर गड्ढों की मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया. पैदल यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर प्रमुख स्थानों पर पैदल उपरिगामी पुल (फुट ओवरब्रिज) निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया. साथ ही रात्रिकालीन और कम दृश्यता की स्थिति में होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए मुख्य मार्गों पर क्षतिग्रस्त परावर्तक संकेतक, गति अवरोधक पट्टियां, चेतावनी संकेतक और सड़क चिह्नों का नवीनीकरण कर नये परावर्तक उपकरण लगाने के निर्देश दिये गये. उर्मी बाइपास क्षेत्र में बन रहे चौराहे पर विशेष रूप से परावर्तक पट्टियों की व्यवस्था सुनिश्चित करने और बसिया स्थित कोयल नदी पुल के दोनों छोरों पर सौर ऊर्जा आधारित चेतावनी संकेतक लगाने को कहा गया, ताकि रात के समय वाहन चालकों को सतर्क किया जा सके. इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, पथ निर्माण विभाग और ग्रामीण कार्य विभाग को आपसी समन्वय के साथ सभी सुरक्षा उपायों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया. पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर प्रदूषण जांच केंद्र स्थापित करने की भी बात कही गयी. बैठक में डीटीओ ज्ञानशंकर जायसवाल समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




