टंगरा मार्केट की 24 दुकानों का पुराना टेंडर रद्द
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 18 May 2026 9:57 PM
विरोध व खुलासे के बाद नगर परिषद ने निकाला नया टेंडर, अब लॉटरी से होगा दुकानों का आवंटन
गुमला. शहर के जशपुर रोड स्थित बंगाली क्लब के समीप टंगरा मार्केट में बनी 24 दुकानों का पुराना टेंडर रद्द कर दिया गया है. नगर परिषद गुमला ने अब इन दुकानों के लिए नये सिरे से टेंडर जारी किया है, ताकि योग्य दुकानदारों को पारदर्शी तरीके से दुकानें आवंटित की जा सकें. जानकारी के अनुसार, नगर परिषद द्वारा चोरी-छिपे 24 में से 20 दुकानों को बिना टेंडर कुछ चहेते लोगों को देने की योजना बनायी गयी थी. बताया जा रहा है कि कई दुकानों के लिए लाखों रुपये तक की बोली भी लग चुकी थी. इस मामले का स्थानीय दुकानदारों ने विरोध किया था. मामले को लेकर समाचार प्रकाशित होने के बाद नगर परिषद हरकत में आया और सभी 24 दुकानों का पुराना टेंडर रद्द कर दिया गया. अब सभी दुकानों का आवंटन लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जायेगा. लॉटरी में जिसका नाम निकलेगा, उसी व्यक्ति को दुकान आवंटित की जायेगी.
इओ ने जारी किया विज्ञापन
मामला गरमाने व नगर परिषद की भूमिका संदेह में आने के बाद नगर परिषद गुमला के कार्यपालक पदाधिकारी ने नये सिरे से विज्ञापन जारी कर दुकानों का लॉटरी कराने की जानकारी दुकानदारों को दिया है. जारी विज्ञापन में इओ ने कहा है कि टंगरा मार्केट की दुकानों से संबंधित विज्ञापन जो 22 अप्रैल को प्रकाशित हुआ था. उसे निरस्त कर दिया गया है. साथ ही 24 दुकानों का अब नये सिरे से लॉटरी के माध्यम से दुकानों का आवंटन किया जायेगा.
शराब व मांस की बिक्री नहीं होगी
टंगरा मार्केट की 24 दुकानों में शराब व मांस की बिक्री नहीं होगी. इओ ने जारी विज्ञापन में कहा है कि दुकानों में शराब व मांस की पूर्णत: बिक्री पर प्रतिबंध रहेगा. साथ ही दुकानों प्राप्त करने के लिए भाग लेने वाले लोगों को सुरक्षित जमा राशि 50 हजार रुपये (ए ब्लॉक) जमा करना होगा. जबकि बी ब्लॉक के 12 दुकानों के लिए 30 हजार रुपये सुरक्षित राशि जमा करनी होगी. वहीं भूतल ए ब्लॉक की दुकानों का मासिक किराया 25 सौ रुपये व बी ब्लॉक प्रथम तल के दुकानों का मासिक शुल्क 15 सौ रुपये रखा गया है. इधर नगर परिषद ने 24 दुकानों में से एक भी दुकान मछली व मुर्गी बेचने वालों को देने से इंकार कर दिया है. जिससे वर्षो से मछली व मुर्गी बेच रहे दर्जनों दुकानदारों के समक्ष अब दुकान लगाने की संकट उत्पन्न हो जायेगा. दुकानदारों ने कहा है कि हम लंबे समय से यहां दुकानें लगाते आ रहे हैं. लेकिन अब हमें यहां से हटाने की साजिश की जा रही है. पूर्व में हमें दुकान देने का आश्वासन दिया गया था. लेकिन अब दुकान देने से इंकार कर दिया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










