सड़क पर सिलेंडर रख किया एनएच जाम

घर-घर गैस वितरण नहीं होने से नाराज उपभोक्ताओं ने किया प्रदर्शन
गुमला. उपायुक्त के सख्त निर्देश के बावजूद घर-घर गैस वितरण नहीं होने से नाराज पालकोट रोड के लोगों का धैर्य गुरुवार को जवाब दे गया. मां शेरावाली इंडेन गैस के सैकड़ों उपभोक्ताओं ने शहर के पालकोट रोड स्थित सिंह ढाबा के समीप सड़क पर खाली सिलेंडरों को रख आवागमन बाधित कर दिया. इस दौरान सड़क की दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गयी. इस दौरान राहगीरों व प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की नोक-झोंक भी देखने को मिली. लोगों का आरोप है कि प्रशासन के आदेश का गैस एजेंसी द्वारा खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है. अधिक कीमत लेकर गैस बांटने वाले लोग गैसों की आपूर्ति कर रहे हैं. गैस के लिए सड़क पर विरोध प्रदर्शन कर रही रश्मि कुल्लू ने बताया कि एक महीना से घर में गैस नहीं है. 30 दिन पहले ऑनलाइन बुकिंग करने के बाद भी गैस नहीं मिल रही है. इस कारण लकड़ी पर खाना बनाना पड़ रहा है. घर में गैस आपूर्ति नहीं होने से आज हमें सड़क पर उतरना पड़ा है. शिक्षिका सीमा कुजूर ने कहा कि दो तीन महीने से घर में गैस नहीं है. लकड़ी खरीद कर जलाने और खाना बनाने में काफी समय लग रहा है. ऐसे में बच्चों को समय पर स्कूल भी नहीं भेज पा रहे हैं. गर्मी में मॉर्निंग स्कूल होने के कारण खाना बनायें कि स्कूल जायें, समझ में नहीं आता है. आज प्रशासन हमें गैस की आपूर्ति करें, अन्यथा हम यहां से नहीं जायेंगे. लव राम ने कहा कि घर में 15 दिन से गैस नहीं है. परिवार लकड़ी से खाना बनाने को मजबूर है. आज पालकोट रोड में गैस बंटने वाला था, पर वितरण करने वाले ने सिसई रोड से गाड़ी ले जाकर बेहराटोली में गैस बांटा है. इस कारण हमें सड़क जाम करने पर मजबूर होना पड़ा. गुंजन देवी ने कहा कि एक माह से घर में गैस खत्म हो गया है. टंगरा के पास से जाकर लकड़ी लाना पड़ता है. जो गैस से भी अधिक महंगा पड़ रहा है. बच्चों को लेकर आज सड़क जाम करने की नौबत आ गयी है. इंडेन एजेंसी में उपभोक्ता अधिक: चेंबर ऑफ कामर्स गुमला के पूर्व अध्यक्ष अनमोल कुमार गुप्ता ने कहा है कि जैसा कि जानकारी में आया है कि मां शेरावाली इंडेन गैस एजेंसी के पास लगभग 38,000 कनेक्शन हैं. जबकि प्रतिदिन केवल एक गाड़ी सिलेंडर प्राप्त हो रहे हैं. रविवार को एजेंसी बंद रहने के कारण स्थिति और भी प्रभावित हो रही है. वहीं जिन एजेंसियों के पास मात्र 8,000 से 9,000 कनेक्शन हैं. उन्हें भी प्रतिदिन एक गाड़ी का लोड मिल रहा है. ऐसी स्थिति में स्पष्ट है कि मां शेरावाली एजेंसी पर अतिरिक्त दबाव है. प्रशासन से विनम्र अनुरोध है कि इस पर शीघ्र संज्ञान लेते हुए कम से कम लगातार चार से पांच दिनों तक प्रतिदिन चार गाड़ियों का अतिरिक्त लोड उपलब्ध कराया जाये. उन्होंने नागरिकों से निवेदन किया कि धैर्य बनाये रखें और समझदारी से कार्य करें. हम सभी के सहयोग से ही इस कार्य को सरल और सुगम बनाया जा सकता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




