बेटी का जन्मदिन मनाने के बाद अगले दिन मां ने की आत्महत्या

बेटी का जन्मदिन मनाने के बाद अगले दिन मां ने की आत्महत्या
गुमला. सदर थाना के गिंडरा महुआटोली निवासी 25 वर्षीय खुशबू देवी ने घर में फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली. विडंबना यह है कि घटना से ठीक एक दिन पहले ही घर में खुशबू की तीन वर्षीय बेटी नंदिनी का जन्मदिन मनाया गया था. जानकारी के अनुसार बीते मंगलवार की दोपहर खुशबू देवी ने अपनी बेटी को बेडरूम में सुलाया और खुद किचन में चली गयी. वहां उन्होंने कुर्सी के सहारे अपनी ओढ़नी का फंदा बनाया और एलबेस्टर के हुक (हार्वेस्टर) से लटक गयी. घटना के समय घर के पुरुष सदस्य बाहर थे. खुशबू के पति नंदकेश्वर सिंह अपनी सास (खुशबू की मां) को छोड़ने के लिए चैनपुर थाना क्षेत्र के उरू गांव गये हुए थे, जो जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने आयी थी. घटना का पता तब चला जब मासूम नंदिनी सोकर जागी और अपनी मां को न पाकर रोने-चिल्लाने लगी. बच्ची ने जैसे दरवाजा खोला. घर के अन्य परिजनों की नजर फंदे से झूलती खुशबू पर पड़ी. आनन-फानन में परिजनों ने उसे नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी. बुधवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला लाया गया. पति नंदकेश्वर सिंह ने बताया कि पिछले कुछ समय से खुशबू का व्यवहार काफी बदल गया था. वह अक्सर अजीब हरकतें करती थी. पति के अनुसार कभी-कभी वह रात में अचानक घर से बाहर घूमने निकल जाती थी. पूछने पर वह कहती थी कि उसे खुद पता नहीं चलता कि उसके साथ क्या हो रहा है और वह क्या कर रही है. फिलहाल पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, ताकि मौत के सटीक कारणों का पता चल सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




