ग्रामीणों की समस्याएं सुन समाधान करने के दिया निर्देश
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 09 May 2026 9:19 PM
कारीचुआं गांव पहुंचा जिला प्रशासन, विकास योजनाओं का किया निरीक्षण
गुमला जिला प्रशासन ने शनिवार को कामडारा प्रखंड अंतर्गत सुरहू पंचायत के सुदूरवर्ती ग्राम कारीचुआं में विकासात्मक योजनाओं का निरीक्षण व जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया. कार्यक्रम में उपायुक्त दिलेश्वर महतो, अपर समाहर्ता शशिंद्र कुमार बड़ाइक समेत विभिन्न विभागों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे. जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने गांव की सामाजिक व आर्थिक स्थिति, आजीविका के साधनों तथा प्रमुख समस्याओं से उपायुक्त को अवगत कराया. ग्रामीणों ने विशेष रूप से पेयजल संकट, सड़क निर्माण, सामुदायिक भवन की आवश्यकता और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी की समस्याएं उठायीं. उपायुक्त ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने पाया कि क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियां लाह की खेती, बकरी पालन व मधुमक्खी पालन के लिए अनुकूल हैं. उन्होंने संबंधित एनजीओ को लाह उत्पादन को पारंपरिक तरीके से आगे बढ़ा कर वैज्ञानिक पद्धति से स्केल-अप करने, वर्ष में दो बार उत्पादन की संभावनाएं विकसित करने तथा उत्पादों की बाजार उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए उद्यमिता विकास केंद्र से जोड़ने का निर्देश दिया. साथ ही महिला स्वयं सहायता समूहों को बकरी पालन, मुर्गी पालन और अन्य आयवर्धक गतिविधियों से जोड़ कर उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने पर बल दिया गया. जल संकट को देखते हुए उपायुक्त ने बीडीओ को मनरेगा के तहत कूप निर्माण को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जहां बोरिंग व चेकडैम संभव नहीं है, वहां वैकल्पिक जल संरक्षण उपाय अपनाये जायें. सुरहू डैम के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए केज कल्चर शुरू करने, लिफ्ट इरिगेशन व्यवस्था विकसित करने तथा किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए जागरूक करने का निर्देश दिया. आवास व सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने अतिवृष्टि या जंगली हाथियों से क्षतिग्रस्त घरों वाले जरूरतमंद परिवारों को चिन्हित कर आवास योजना से जोड़ने का निर्देश दिया. राजकीय मवि लोयंगा के निरीक्षण में उपायुक्त ने विद्यालय की साफ-सफाई, मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता व बच्चों की पढ़ाई की स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने शिक्षकों को बच्चों की बुनियादी शिक्षा मजबूत करने पर विशेष ध्यान देने को कहा. स्वास्थ्य केंद्र निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, सीसीटीवी स्थापना तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों का समय पर निर्गमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये. इसके बाद उपायुक्त ने कामडारा प्रखंड कार्यालय का भी निरीक्षण किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










