सिसई में बढ़ती चोरी से दहशत, ग्रामीणों ने थाना घेरा

Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 18 May 2026 9:58 PM

विज्ञापन

पोटरो गांव के एक परिवार को दो महीने में चार बार बनाया निशाना, 10 लाख से अधिक की संपत्ति चोरी

विज्ञापन

सिसई. सिसई थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है. घरों, दुकानों और मवेशियों की चोरी अब क्षेत्र में आम बात बनती जा रही है. ग्रामीणों का आरोप है कि चोर बेखौफ होकर लगातार घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, जबकि पुलिस की कार्रवाई प्रभावी नहीं होने के कारण कई मामले थाना तक भी नहीं पहुंच पाते. लोगों में यह भय बना हुआ है कि कब किसकी गाढ़ी कमाई चोरी हो जाये और परिवार रातोंरात कंगाल हो जाये. इस तरह का मामला थाना क्षेत्र के पोटरो गांव में सामने आया है. गांव निवासी बालेश्वर साहू के घर को दो महीने के भीतर चार बार निशाना बनाया गया. चोर घर का लगभग पूरा सामान समेट ले गये. पीड़ित परिवार के पास अब केवल कुछ कपड़े ही बचे हैं. बताया जा रहा है कि लगातार हुई चोरी की घटनाओं में परिवार को करीब 10 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है. लगातार चोरी और आर्थिक तंगी से टूट चुका परिवार अब गांव छोड़ कर पलायन की तैयारी में है. घटना से पूरे गांव में दुख और आक्रोश का माहौल है. इसको लेकर रविवार को ग्रामीणों ने सिसई थाना का घेराव कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जतायी. ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि समय पर सख्त कार्रवाई नहीं होने से अपराधियों के हौसले बुलंद हो गये हैं. ग्रामीणों के अनुसार, 21 मार्च को चोरी की एक घटना के दौरान ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर एक आरोपी को रंगे हाथ पकड़कर पुलिस के हवाले किया था. पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के नाम भी बताये थे, लेकिन अब तक उन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. गिरफ्तार आरोपी को सप्ताह-दस दिन के भीतर ही न्यायालय से जमानत मिल गयी. इससे ग्रामीणों में न्याय व्यवस्था को लेकर भी निराशा बढ़ी है. उनका कहना है कि आसानी से जमानत मिलने के कारण अपराधियों में कानून का भय समाप्त हो गया है. यही वजह है कि कहीं मवेशियों की चोरी हो रही है, तो कहीं घरों में घुस कर सामान उड़ाया जा रहा है. ग्रामीणों ने कहा कि कानून की नजर में चोरी भले छोटा अपराध हो, लेकिन जिसकी जीवनभर की कमाई लूट जाती है, वह वर्षों तक उस सदमे से उबर नहीं पाता. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई नहीं की गयी, तो क्षेत्र में चोरी की घटनाएं और बढ़ सकती हैं. पीड़ित परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है और न्याय की उम्मीद भी टूटती नजर आ रही है. आक्रोशित ग्रामीणों ने कहा कि यदि स्थिति नहीं सुधरी, तो वे चोरों का सेंदरा करने को मजबूर होंगे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola