विभाग को भेजी विस्तृत रिपोर्ट, पंपापुर पर्यटन विकास की बढ़ी उम्मीदें
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 11 Apr 2026 9:15 PM
पंपापुर पर्यटन स्थल के विकास को लेकर प्रखंड प्रशासन हुआ सक्रिय
पालकोट. पंपापुर को राज्य स्तरीय पर्यटन स्थल का दर्जा मिलने के बावजूद विकास कार्य ठप रहने की खबर प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद अब प्रखंड प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है. पालकोट के बीडीओ सह सीओ विजय उरांव ने पंपापुर समेत क्षेत्र के अन्य पर्यटन स्थलों के विकास को लेकर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर संबंधित विभाग को भेज दी है. बीडीओ विजय उरांव ने बताया कि उन्होंने जिला खेल पदाधिकारी सह जिला पर्यटन नोडल पदाधिकारी, गुमला को जांच प्रतिवेदन सौंप दिया है. रिपोर्ट में प्रखंड अंतर्गत अधिसूचित पर्यटन स्थलों के विकास के लिए चिह्नित भूमि की सूची, ट्रेस नक्शा तथा विहित प्रपत्र शामिल कर अग्रेतर कार्रवाई के लिए भेजा गया है. विभाग को सौंपी गयी सूची में राजकीय महत्व के स्थलों के रूप में पंपापुर, शीतल गुफा, निर्झर झरना और पालकोट पहाड़ शिखर को शामिल किया गया है. वहीं स्थानीय महत्व के स्थलों में ऋषिमुख पर्वत, मलमलपुर, घोड़लता गुफा, गोबर सिल्ली चट्टान, महावीर मांडा, राकस टांगरा, सुंदरीडीह घाघ, देवगांव शिव गुफा और तापकारा डैम को सूचीबद्ध किया गया है. बीडीओ ने बताया कि सभी पर्यटन स्थलों को चिह्नित कर रिपोर्ट विभाग को भेज दी गयी है. हालांकि प्रक्रिया पूरी होने में कुछ समय लग सकता है, लेकिन पालकोट प्रखंड के पर्यटन क्षेत्र में विकास कार्य शुरू होना अब तय माना जा रहा है.
वन विभाग नियमानुसार हरसंभव मदद के लिए तैयार
पालकोट वन क्षेत्र पदाधिकारी अशोक कुमार ने आश्वस्त किया है कि विकास की राह को कोई रोक नहीं सकता. उन्होंने कहा कि यह स्थल प्रकृति की अनुपम देन है और वन विभाग नियमानुसार हरसंभव मदद के लिए तैयार है, जिससे इन चिह्नित स्थानों का सर्वांगीण विकास हो सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










