अवैध खनन व परिवहन रोकने के लिए छापेमारी अभियान चलायें : डीसी

जिला टास्क फोर्स (खनन) की बैठक
जिला टास्क फोर्स (खनन) की बैठक गुमला. गुमला में जिला टास्क फोर्स (खनन) की बैठक गुरुवार को उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित की अध्यक्षता में हुई. बैठक में बताया गया कि जिला अंतर्गत श्रेणी द्वितीय के 18 बालू घाटों (एक इकाई) की ऑनलाइन नीलामी प्रक्रिया के लिए सैद्धांतिक सहमति प्रदान कर दी गयी है. इस संबंध में संबंधित बीडीओ को ग्राम सभा से स्वीकृति प्राप्त करने की विधिवत प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने का निर्देश दिया गया, ताकि बालू की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके. बैठक में अवैध खनन एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए पर्यावरण संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण और संयुक्त छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिये गये. साथ ही प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया. उपायुक्त ने खनिज लदे वाहनों की सघन जांच करने, परिवहन चालान की जांच, ओवरलोडिंग पर नियंत्रण तथा खनिजों को ढक कर परिवहन कराने के नियमों का पालन कराने का निर्देश दिया. उन्होंने वृहत (बॉक्साइट) और लघु खनिज (पत्थर) के समाप्त खनन पट्टों तथा चालू पट्टा क्षेत्र से बाहर हो रहे अवैध खनन पर विशेष निगरानी रखने को कहा. इसके अलावा, खनन पट्टा व क्रशर इकाइयों की नियमित जांच कर सीमांकन स्तंभ, सूचना पट्ट, क्रशर को ढंकने तथा अन्य निर्धारित मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन व परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जायेगी और किसी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. बैठक में जिला खनन पदाधिकारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जिला टास्क फोर्स (खनन) के सदस्य उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




