क्लस्टर सिस्टम पूरी तरह छात्र विरोधी : संयोजक

Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 20 May 2026 10:08 PM

विज्ञापन

क्लस्टर सिस्टम के विरोध में फूटा अभाविप का गुस्सा

विज्ञापन

गुमला. झारखंड सरकार की क्लस्टर सिस्टम नीति के खिलाफ अभाविप कार्यकर्ताओं व छात्रों का गुस्सा भड़क उठा. बुधवार को दोपहर एक बजे एबीवीपी के नेतृत्व में सैकड़ों छात्रों ने कार्तिक उरांव कॉलेज के मुख्य गेट के समीप सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया. उग्र छात्रों ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला फूंका. सड़क जाम होने से काफी देर तक आवागमन बाधित रहा. प्रदर्शनकारी छात्रों ने कहा कि वर्तमान में केओ कॉलेज गुमला में कला (आर्ट्स), विज्ञान (साइंस) और वाणिज्य (कॉमर्स) तीनों संकायों की सुचारू रूप से कक्षाएं संचालित होती हैं. लेकिन सरकार के इस नये क्लस्टर सिस्टम के कारण आर्ट्स विभाग को महिला कॉलेज गुमला में और कॉमर्स विभाग को मॉडल कॉलेज आरंगी (घाघरा) में शिफ्ट किया जा रहा है. सरकार के इस अव्यवहारिक फैसले से हजारों छात्र-छात्राओं का भविष्य अधर में लटक जायेगा और उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ेगा. इस फैसले के विरोध में आज भारी संख्या में छात्र सड़कों पर उतरने को मजबूर हुए हैं. विभाग संयोजक ज्योतिष राम ने कहा कि सरकार का यह क्लस्टर सिस्टम पूरी तरह छात्र विरोधी है. केओ कॉलेज से विभागों को अलग-अलग दूरी पर शिफ्ट करने से छात्रों पर आर्थिक व मानसिक बोझ बढ़ेगा. अभाविप इस तानाशाही फैसले को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी. क्षेत्रीय जनजाति प्रमुख डब्ल्यू भगत ने कहा कि ग्रामीण व आदिवासी बहुल क्षेत्र के गरीब छात्र गुमला मुख्यालय आकर पढ़ायी करते हैं. अब उन्हें घाघरा समेत अन्य जगहों के चक्कर काटने पड़ेंगे, जिससे कई छात्र पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हो जायेंगे. सरकार इस फैसले को तुरंत वापस लें. मौके पर आलोक महतो, भारती कुमारी, निशा कुमारी, विक्रम साहू, संदीप गोप आदि उपस्थित थे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola