प्रेमिका से फोन पर विवाद के बाद युवक ने फांसी लगा कर दी जान
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 23 Apr 2026 10:42 PM
सदर थाना के करौंदी नायकटोली की घटना
गुमला. सदर थाना के करौंदी नायकटोली निवासी संजू नायक के 22 वर्षीय पुत्र राकेश नायक ने बुधवार की रात लगभग 12 बजे प्रेमिका से फोन पर विवाद होने के बाद फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली. घटना वाले दिन राकेश अपने भाई जय नायक व देवराम नायक के साथ कमरे में सोया था. इसके बाद बुधवार की आधी रात को अपने घर के कमरे में साड़ी का फंदा बना झूल गया. सुबह जब उसकी मां सीतामुनी देवी पूजा करने के लिए उठी, तो बेटे को फंदे में झूलता पाया. घर के अन्य परिजनों को जब घटना की जानकारी मिली, तो घर में कोहराम मच गया. परिजनों ने आनन-फानन में शव को फंदे से उतार कर सदर अस्पताल गुमला ले गये, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गयी. गुरुवार की सुबह सदर थाना के एसआइ विनय कुमार महतो दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल गुमला में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया.
शादी समारोह में लड़की से मिला था युवक
मृतक के परिजन रोशन नायक ने बताया कि राकेश लगभग दो वर्ष पूर्व फुआ पूजा देवी के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने नेतरहाट गया था. वहीं उसकी मुलाकात एक युवती से हुई थी. धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती प्रेम में बदल गयी और वे अक्सर फोन पर बातचीत करते थे. बताया जा रहा है कि दोनों के रिश्ते से घरवाले भी राजी थे. बुधवार की रात को भी राकेश की उस युवती से फोन पर काफी देर बातचीत हुई थी. लेकिन बातचीत के दौरान ही दोनों के बीच किसी बात को लेकर अनबन हो गयी. आशंका जतायी जा रही है कि इस विवाद व मानसिक तनाव के कारण राकेश ने आत्मघाती कदम उठाया है.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
सदर थाना पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है. एसआइ विनय कुमार महतो ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को दे दिया गया है और पुलिस प्रेम-प्रसंग सहित अन्य सभी पहलुओं पर गंभीरता से छानबीन कर रही है. युवक के मोबाइल फोन और कॉल डिटेल्स के आधार पर भी मामले की सच्चाई का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.
मेरे बेटे के कॉल रिकार्ड की जांच हो : पिता
मृतक राकेश नायक के पिता संजू नायक ने कहा कि बेटे के विवाह के लिए हम सभी राजी थे. किसी मानसिक दबाव में ही मेरे बेटे ने यह आत्मघाती कदम उठाया है. मामले की सत्यता के लिए कॉल रिकार्ड की जांच हो. उन्होंने प्रेमिका के नाम पर थाने में एफआइआर दर्ज कराने की भी बात कही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










