विश्वासखानी गांव में सोलर जलमीनार खराब, गहराया पेयजल संकट

गांव के लोग दूर-दूर जाकर पानी भरने को मजबूर
महागामा प्रखंड क्षेत्र के विश्वासखानी गांव स्थित ताती टोला में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है. गांव में लगा सोलर जलमीनार पिछले लगभग छह महीने से खराब पड़ा है, जिससे ग्रामीणों को पानी की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है. गर्मी और लगातार घटते जलस्तर के बीच लोगों को बूंद-बूंद पानी के लिए भटकना पड़ रहा है. ग्रामीणों ने बताया कि ताती टोला की बड़ी आबादी इसी सोलर जलमीनार पर निर्भर थी. जलमीनार बंद होने के कारण अब लोगों को दूर स्थित चापाकलों का सहारा लेना पड़ता है. सुबह होते ही पानी भरने के लिए महिलाओं और बच्चों की लंबी कतारें लग जाती हैं, लेकिन कई बार घंटों इंतजार के बाद भी पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता. बुजुर्ग, महिलाएं और छोटे बच्चे सबसे अधिक परेशान हैं. स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने कई बार संबंधित विभाग और अधिकारियों को समस्या की जानकारी दी, लेकिन मरम्मत की दिशा में अभी तक कोई पहल नहीं हुई. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक उदासीनता के कारण समस्या जस की तस बनी हुई है. उन्होंने प्रशासन से अविलंब सोलर जलमीनार की मरम्मत कर पेयजल व्यवस्था बहाल करने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










