100 घंटे बाद बहाल हुई बिजली आपूर्ति, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

आंधी-तूफान से ठप हुई थी बिजली व्यवस्था, सुंदरचक फीडर से जुड़े गांवों में लौटी रौशनी
हनवारा एवं आसपास के गांवों में पिछले मंगलवार की मध्य रात्रि के बाद आये तेज आंधी-तूफान के कारण बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गयी थी. करीब 100 घंटे तक अंधेरे में रहने के बाद रविवार को बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गयी, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली. बिजली नहीं रहने के कारण लोगों को दैनिक कार्यों में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. पेयजल संकट गहरा गया था, मोबाइल फोन चार्ज करना मुश्किल हो गया था और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही थी. लगातार कई दिनों तक बिजली बाधित रहने से ग्रामीणों में नाराजगी भी देखी जा रही थी. ग्रामीण विकास मंत्री सह महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह के निर्देश पर बिजली विभाग के कर्मियों ने युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू किया. विभागीय टीम ने क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों और उपकरणों की मरम्मत कर नयानगर पावर सब-स्टेशन से जुड़े सुंदरचक फीडर की बिजली आपूर्ति करीब 100 घंटे बाद पूरी तरह बहाल कर दी.
प्रभावित गांवों में लौटी रौशनी
बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद सुंदरचक, कुशमहरा, मलियाचक और भोजूचक सहित अन्य प्रभावित गांवों में रविवार सुबह तक विद्युत व्यवस्था सामान्य हो गयी. बिजली लौटने से लोगों को पेयजल, संचार और अन्य आवश्यक सेवाओं में राहत मिली. मरम्मत कार्य के दौरान स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों ने भी बिजली विभाग के कर्मियों का भरपूर सहयोग किया, जिसके कारण कार्य को शीघ्र पूरा करने में सफलता मिली.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










