62 हजार सरकारी नौकरियों की तैयारी में यूपी सरकार, युवाओं के लिए नया अपडेट

Updated:
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर (शिक्षक भर्ती)

सांकेतिक तस्वीर (शिक्षक भर्ती)

UP News: उत्तर प्रदेश के लाखों युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का सुनहरा अवसर आ रहा है. शिक्षा विभाग में 62 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की तैयारियां चल रही हैं. जिनमें TGT, PGT, असिस्टेंट प्रोफेसर, एलटी ग्रेड और प्रधानाचार्य जैसे पद शामिल हैं. यह भर्ती प्रक्रिया 2026 तक पूरी होने की उम्मीद है.

विज्ञापन

UP News: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है. राज्य में शिक्षा विभाग की विभिन्न भर्तियों को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं. उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग और उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग वर्ष 2026 में बड़े स्तर पर नियुक्तियां करने जा रहे हैं. अधिकारियों के अनुसार, दिसंबर 2026 तक करीब 62 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है. इनमें टीजीटी, पीजीटी, असिस्टेंट प्रोफेसर, एलटी ग्रेड, प्रधानाचार्य, प्राचार्य और राजकीय इंटर कॉलेजों के कई पद शामिल हैं.

दिसंबर तक हजारों युवाओं को मिल सकती है सरकारी नौकरी

सरकारी भर्तियों की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह साल काफी अहम माना जा रहा है. चुनावी वर्ष को देखते हुए दोनों आयोगों का लक्ष्य अप्रैल से दिसंबर 2026 के बीच बड़े पैमाने पर भर्ती प्रक्रिया पूरी करना है. अनुमान है कि दिसंबर तक करीब 62 हजार पदों पर नियुक्तियां हो सकती हैं, जबकि कुल मिलाकर एक लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाने की योजना है.

असिस्टेंट प्रोफेसर और प्राचार्य के पदों पर भी भर्ती

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में 111 प्राचार्य पदों पर भर्ती का विज्ञापन पहले ही जारी कर दिया है. वहीं 2,107 असिस्टेंट प्रोफेसर पदों का विज्ञापन जुलाई के अंतिम सप्ताह में जारी होने की तैयारी है. इसके अलावा सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में 2,643 प्रधानाध्यापक और प्रधानाचार्य पदों का अधियाचन आयोग के पोर्टल पर अपलोड किया जा चुका है.

TGT-PGT के हजारों पदों पर होगी नियुक्ति

टीजीटी, पीजीटी और संबद्ध प्राइमरी स्कूलों के 21,252 पदों का अधियाचन भी आयोग को प्राप्त हो चुका है. हाल ही में आयोग ने टीजीटी के 3,539और पीजीटी के 624 पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी की है. दूसरी ओर उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने 1,518 प्रवक्ता पदों पर चयन प्रक्रिया पूरी कर ली है. वहीं राजकीय महाविद्यालयों में 1,253 सहायक आचार्य और 7,466 एलटी ग्रेड सहायक अध्यापक पदों पर भी चयन किया जा चुका है.

राजकीय इंटर कॉलेजों और बेसिक शिक्षा में भी बड़े अवसर

राजकीय इंटर कॉलेजों में 8,905 पदों का अधियाचन आयोग को भेजा जा चुका है. वहीं बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सुरेंद्र तिवारी के अनुसार नगर क्षेत्र के 11 हजार शिक्षकों की भर्ती का प्रस्ताव आयोग को ऑफलाइन भेजा गया है. बेसिक शिक्षा के सहायता प्राप्त विद्यालयों में वर्ष 2021 की भर्ती के तहत 65 प्रधानाध्यापक और करीब 450 सहायक अध्यापकों की नियुक्ति पहले ही हो चुकी है.

लिपिक और आशुलिपिक भर्ती भी अंतिम चरण में

एडी माध्यमिक कामता राम पाल के अनुसार उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से शिक्षा निदेशालय प्रयागराज के लिए 131 कनिष्ठ लिपिक और 25 आशुलिपिक पदों की भर्ती अंतिम चरण में पहुंच चुकी है.

आगे और आएंगी नई भर्तियां

इन 61,999 पदों के अलावा बेसिक शिक्षा परिषद ग्रामीण क्षेत्रों के लिए करीब 35 हजार शिक्षकों का अधियाचन भेजने की तैयारी कर रही है. साथ ही 2,000 अनुदेशक पदों पर भी भर्ती प्रस्तावित है. इसके अलावा अल्पसंख्यक महाविद्यालयों में करीब 150 पदों और माध्यमिक अल्पसंख्यक विद्यालयों में लगभग 300 पदों का अधियाचन सितंबर-अक्टूबर तक भेजे जाने की संभावना है. सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए आने वाले महीने बेहद महत्वपूर्ण रहने वाले हैं. ऐसे में उम्मीदवारों को आयोगों की आधिकारिक सूचनाओं पर लगातार नजर बनाए रखने की सलाह दी जा रही है, ताकि किसी भी भर्ती से जुड़ी जानकारी या आवेदन की तारीख छूट न जाए.

Also Read: शादी का झांसा देकर संबंध बनाने का आरोप, कार्रवाई में देरी से आहत छात्रा ने खाया जहर


विज्ञापन
Lucky Kumari

लेखक के बारे में

By Lucky Kumari

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola