मानिकपुर में आजीविका सेवा केंद्र का भव्य उद्घाटन, ग्रामीणों को एक ही छत के नीचे मिलेगी सेवा

इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर परियोजना के तहत एलएससी कार्यालय का शुभारंभ
ठाकुरगंगटी प्रखंड के मानिकपुर आजीविका महिला संकुल स्तरीय प्राथमिक स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड के कार्यालय भगैया में बुधवार को इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर (आईएफसी) परियोजना के तहत आजीविका सेवा केंद्र का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया. भगैया पंचायत की मुखिया आशा देवी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं. उन्होंने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित करके एलएससी कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया. उद्घाटन अवसर पर मुखिया ने कहा कि आजीविका सेवा केंद्र के माध्यम से किसानों और ग्रामीण परिवारों को कृषि एवं आजीविका से संबंधित विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा. कार्यक्रम में एफटीसी शमीम अख्तर ने इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर परियोजना की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने बताया कि इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य किसानों को उन्नत कृषि पद्धतियों से जोड़ना, उत्पादन बढ़ाना, लागत कम करना तथा बाजार से जोड़कर उनकी आजीविका को सशक्त बनाना है. इसके अतिरिक्त एलएससी कार्यालय के माध्यम से कृषि, पशुपालन, बागवानी, इनपुट सप्लाई, तकनीकी मार्गदर्शन और बाजार संपर्क जैसी सेवाएं भी उपलब्ध करायी जाएंगी. कार्यक्रम में पलाश जेएसएलपीएस के कर्मी, आईएफसी कोऑर्डिनेटर रामचंद्र ठाकुर, आजीविका कृषक सखी, पशु सखी, संकुल की अध्यक्ष विनीता देवी, सचिव सोनी देवी, अन्य समूह सदस्याएं और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे. उद्घाटन कार्यक्रम के अंत में यह विश्वास व्यक्त किया गया कि आजीविका सेवा केंद्र एलएससी क्षेत्र के किसानों और ग्रामीण परिवारों के लिए आजीविका सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगा और स्थानीय आर्थिक विकास को नयी दिशा देगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




