पोड़ैयाहाट में आर्पूति व्यवस्था बहाल, अभय तिवारी की गिरफ्तारी के बाद बीडीओ को अतिरिक्त प्रभार

बीडीओ फुलेश्वर मुर्मू उपस्थिति में गोदाम का ताला खोलते कर्मी. फोटो: प्रभात खबर
पोड़ैयाहाट में खाद्यान्न आपूर्ति व्यवस्था बहाल कर दी गई है. प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी की गिरफ्तारी के बाद ठप पड़े कामकाज को सुचारू करने के लिए जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है. बीडीओ फुलेश्वर मुर्मू की देखरेख में एफसीआई गोदाम खोला गया और नए अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है.
पोड़ैयाहाट से रवि ठाकुर की रिपोर्ट
Grain Supply: झारखंड के गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सह गोदाम प्रबंधक अभय कुमार तिवारी की सीआईडी (CID) द्वारा गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में ठप पड़ी खाद्यान्न आपूर्ति व्यवस्था को जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए बहाल कर दिया है. उपायुक्त गोड्डा के कड़े निर्देशों के आलोक में शनिवार को मजिस्ट्रेट सह प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) फुलेश्वर मुर्मू की मौजूदगी में एफसीआई (FCI) गोदाम का ताला खोला गया. प्रशासनिक मुस्तैदी से पिछले कुछ दिनों से बनी असमंजस की स्थिति समाप्त हो गई है और जन वितरण प्रणाली के सुचारू संचालन का रास्ता साफ हो गया है.
नए अधिकारियों को सौंपा गया अतिरिक्त प्रभार
क्षेत्र में आपूर्ति व्यवस्था को निर्बाध रूप से संचालित करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं. प्रखंड कृषि पदाधिकारी कुमोद मेहरा को प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. वहीं, गोदाम के बेहतर प्रबंधन और खाद्यान्न के रखरखाव को ध्यान में रखते हुए अनुभवी पूर्व एजीएम गौतम ठाकुर को पुनः गोदाम के एजीएम का प्रभार दिया गया है. इन नियुक्तियों से गोदाम से अनाज का वितरण और कागजी प्रक्रिया बिना किसी रुकावट के पूरी की जा सकेगी.
बीडीओ की उपस्थिति में खोला गया गोदाम
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गोड्डा उपायुक्त के त्वरित निर्देश के बाद बीडीओ फुलेश्वर मुर्मू स्वयं एफसीआई गोदाम पहुंचे. उनकी देखरेख में गोदाम का सील बंद ताला खोला गया. ताला खोलने के तुरंत बाद गोदाम में रखे खाद्यान्न की भौतिक गिनती की गई और उपलब्ध स्टॉक का आधिकारिक रिकॉर्ड्स से मिलान किया गया ताकि भविष्य में किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो.
बीडीओ ने कहा: किसी कार्डधारी को नहीं होगी परेशानी
प्रक्रिया पूरी होने के बाद पोड़ैयाहाट के बीडीओ फुलेश्वर मुर्मू ने आधिकारिक जानकारी देते हुए कहा, "उपायुक्त महोदय के स्पष्ट निर्देश पर गोदाम को खोला गया है. गोदाम में मौजूद स्टॉक का पूरी तरह से सत्यापन कर लिया गया है. अब नियमानुसार राशन डीलरों को अनाज का उठाव कराया जाएगा. प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि किसी भी जन वितरण प्रणाली के कार्डधारी को राशन पाने में कोई परेशानी न हो."
इसे भी पढ़ें: जेपीएससी परीक्षा घोटाला : अभय तिवारी चार महीने पहले साथी की ही किडनैपिंग के मामले में जा चुका है जेल
राशन डीलरों और कार्डधारियों ने ली राहत की सांस
गोदाम खुलने और नए प्रभारियों की तैनाती की खबर से स्थानीय राशन डीलरों और आम कार्डधारियों ने राहत की सांस ली है. कई स्थानीय डीलरों ने बताया कि आपूर्ति पदाधिकारी की गिरफ्तारी के बाद पिछले 3-4 दिनों से अनाज का उठाव पूरी तरह ठप था, जिससे गांवों में गरीबों के बीच राशन वितरण में भारी समस्याएं आ रही थीं. अब गोदाम की व्यवस्था सामान्य होने से समय पर जन वितरण प्रणाली की दुकानों तक खाद्यान्न पहुंचेगा और जरूरतमंदों को समय पर राशन मिल सकेगा.
इसे भी पढ़ें: झारखंड: उत्पाद सिपाही और एएसआई नियुक्ति प्रक्रिया जल्द होगी शुरू, सीएम हेमंत सोरेन ने दिए निर्देश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By कुमार विश्वत सेन
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










