विधायक ने किया छठ घाटों का निरीक्षण, सुरक्षा और स्वच्छता के पुख्ता इंतजाम के निर्देश
Published by : SANJEET KUMAR Updated At : 25 Oct 2025 11:29 PM
लौहंडिया, श्रीपुर, बोआरीजोर और ललमटिया घाटों पर तैयारियों का लिया जायजा, श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष जोर
आगामी छठ महापर्व को लेकर क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों की तैयारियों का जायजा लेने के लिए बोरियो विधायक धनंजय सोरेन ने शनिवार को लौहंडिया बाजार, श्रीपुर बाजार, बोआरीजोर और ललमटिया के छठ घाटों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान विधायक ने पूजा समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों से मुलाकात कर घाटों की स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने निर्देश दिया कि छठ घाटों की साफ-सफाई पूरी तरह सुनिश्चित की जाये और घाट की गहराई वाले हिस्सों में बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाये, ताकि श्रद्धालु गहरे पानी में न उतर सकें. उन्होंने कहा कि छठ पूजा लोक आस्था का महत्वपूर्ण पर्व है, इसलिए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोपरि होनी चाहिए. विधायक ने घाटों पर प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने का भी निर्देश दिया, ताकि सुबह और संध्या अर्घ्य के दौरान व्रतियों और आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो. विधायक सोरेन ने घाटों की स्वच्छता व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए समिति सदस्यों को सतर्कता बरतने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि अर्घ्य के समय घाट पर निगरानी रखना आवश्यक है, जिससे कोई अप्रिय घटना न हो. निरीक्षण के दौरान सीओ केदार नाथ सिंह, सुजीत कुमार साह, मानस दत्ता सहित कई पदाधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










