जन चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, साइबर अपराधों से सतर्क रहने की अपील

Published by : SANJEET KUMAR Updated At : 09 Jun 2026 11:18 PM

विज्ञापन

पुलिस-जनता समन्वय मजबूत करने के उद्देश्य से नया नगर गांव में आयोजित हुआ कार्यक्रम

विज्ञापन

महागामा थाना क्षेत्र के नया नगर गांव में पुलिस प्रशासन की ओर से जन चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व एसडीपीओ वरुण रजक ने किया. जन चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं और सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे. इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीपीओ वरुण रजक ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से जन चौपाल का आयोजन किया जा रहा है. उन्होंने ग्रामीणों को साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि अनजान फोन कॉल, संदिग्ध लिंक, ऑनलाइन ठगी तथा बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करें. साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की.सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ किया जागरूकजन चौपाल के दौरान डायन प्रथा, बाल विवाह, महिला सुरक्षा, नशामुक्ति तथा समाज में व्याप्त अन्य सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी लोगों को जागरूक किया गया. एसडीपीओ ने कहा कि सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने में समाज की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है. महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां भी ग्रामीणों को दी गयी.

डायल 112 की कार्यप्रणाली से कराया अवगत

इस अवसर पर इंस्पेक्टर उपेंद्र कुमार महतो एवं थाना प्रभारी मनोज पाल ने ग्रामीणों को कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी. उन्होंने आपातकालीन सेवा डायल 112 के उपयोग, उसकी कार्यप्रणाली और उससे मिलने वाली सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया. अधिकारियों ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में नागरिक डायल 112 की सहायता लेकर तत्काल पुलिस की मदद प्राप्त कर सकते हैं. उन्होंने लोगों से कानून-व्यवस्था बनाये रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील भी की.

पुलिस ने ग्रामीणों को किया जागरूक, बच्चों के बीच कॉपी व कलम का वितरण

बोआरीजोर थाना पुलिस ने बड़ा बोआरीजोर पंचायत के बाबूचूड़ी गांव में जन चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों को विभिन्न सामाजिक एवं कानूनी विषयों पर जागरूक किया. कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को कानून के प्रति जागरूक बनाना तथा सामाजिक कुरीतियों के प्रति सचेत करना था. इस अवसर पर थाना प्रभारी आशीष कुमार यादव ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना चाहिए तथा अंधविश्वास से दूर रहना चाहिए. उन्होंने कहा कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति गांव या आसपास दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें और किसी भी परिस्थिति में कानून को अपने हाथ में न लें. थाना प्रभारी ने बताया कि बाबूचूड़ी एक सुदूर पहाड़िया गांव है, जहां कई परिवार नशे की चपेट में हैं. नशे की प्रवृत्ति के कारण परिवारों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है. उन्होंने ग्रामीणों को नशामुक्ति के लिए प्रेरित करते हुए बाल विवाह, डायन प्रथा, महिला सुरक्षा और बाल तस्करी जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दों पर विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने कहा कि डायन प्रथा, बाल विवाह और बाल तस्करी सामाजिक अपराध हैं तथा इनके खिलाफ समाज और प्रशासन को मिलकर कार्य करना होगा. जन चौपाल के दौरान पुलिस ने ग्रामीणों को साइबर ठगी के बढ़ते मामलों से सावधान रहने की सलाह दी. लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया गया. कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी ने गांव के बच्चों के बीच कॉपी एवं कलम का वितरण किया. साथ ही अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की. उन्होंने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मूलभूत अधिकार है और बच्चों को शिक्षित बनाकर ही समाज का समग्र विकास संभव है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस प्रशासन हमेशा आम जनता के सहयोग और सुरक्षा के लिए तत्पर है तथा किसी भी समस्या की जानकारी मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. इस अवसर पर पुलिस पदाधिकारी विकास कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.

विज्ञापन
SANJEET KUMAR

लेखक के बारे में

By SANJEET KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola