महिला उद्यमिता संवर्धन कार्यक्रम में 60 महिलाओं को दिया गया प्रशिक्षण

Published by : SANJEET KUMAR Updated At : 09 Jun 2026 11:22 PM

विज्ञापन

स्वरोजगार एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए किया प्रेरित

विज्ञापन

क्षेत्रीय कार्यालय झारक्राफ्ट, भगैया में जेएसएलपीएस से जुड़ी सखी मंडल की महिलाओं के लिए महिला उद्यमिता संवर्धन कार्यक्रम के अंतर्गत एक दिवसीय जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार, उद्यमिता विकास तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना था. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसबीआइ भगैया के बैंक प्रबंधक नौशाद अहमद ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक उन्नति से परिवार, समाज और राष्ट्र का समग्र विकास संभव है. उन्होंने महिलाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर स्वरोजगार अपनाने तथा सफल उद्यमी बनने का आह्वान किया. मुख्य प्रशिक्षक शंकर कुमार गुप्ता ने प्रतिभागियों को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं, उद्यम स्थापना, वित्तीय सहायता, विपणन तथा व्यवसाय प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं. उन्होंने कहा कि उचित प्रशिक्षण और मार्गदर्शन के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं. इस अवसर पर झारक्राफ्ट के वरीय उत्पादन पदाधिकारी राज कुमार ने महिलाओं को सरकारी योजनाओं एवं उद्यमिता के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी. वहीं सहयोगी प्रशिक्षक निकिता कुमारी ने स्वरोजगार के व्यावहारिक पहलुओं तथा व्यवसाय संचालन से जुड़ी आवश्यक जानकारियां साझा कीं.

छह बैचों में 60 महिला उद्यमियों का प्रशिक्षण संपन्न

कार्यक्रम के अंतर्गत कुल छह बैचों में 60 महिला उद्यमियों का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया. प्रशिक्षण पूर्ण करने वाली महिलाओं को प्रशिक्षण किट प्रदान की गयी तथा उन्हें उद्यमिता एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया. कार्यक्रम में जेएसएलपीएस से जुड़ी सखी मंडल की महिला उद्यमियों के अलावा झारक्राफ्ट के मनोज कुमार सिंह, दामोदर बिहारी प्रसाद, मोहन दास, अनवेश कुमार, प्रीतम कुमार सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे.

विज्ञापन
SANJEET KUMAR

लेखक के बारे में

By SANJEET KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola