प्रधान परिषद की बैठक में प्रधानी जोत, अतिक्रमण और सम्मान राशि के मुद्दे उठे

मेहरमा में प्रधान परिषद की बैठक आयोजित, अतिक्रमण, रेल परियोजना और सम्मान राशि के भुगतान को लेकर प्रधानों ने उठाई आवाज।
मेहरमा: मेहरमा अंचल मुख्यालय स्थित प्रधान भवन में शुक्रवार को प्रधान परिषद की बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता मेहरमा ग्राम प्रधान संघ के अध्यक्ष बिनोद कुमार भगत ने की. इस अवसर पर अंचल निरीक्षक लोकनाथ गोंड एवं जिला प्रधान संघ के अध्यक्ष आशुतोष महतो मुख्य रूप से उपस्थित थे. बैठक की शुरुआत मौजा कसबा के नवनियुक्त प्रधान राकेश रंजन का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत करने के साथ हुई.
इस दौरान राकेश रंजन ने कहा कि वे अपने रैयतों, परिषद के सदस्यों तथा क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से कार्य करेंगे. बैठक में उपस्थित प्रधानों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया कि प्रस्तावित गोड्डा-पीरपैंती रेल परियोजना के तहत जिन मौजों की प्रधानी जोत की भूमि अधिग्रहित की गयी है, उसके बदले संबंधित मौजा में ही बराबर क्षेत्रफल की भूमि उपलब्ध करायी जाये.
बैठक में मृत प्रधानों के उत्तराधिकारियों की नियुक्ति में हो रहे विलंब पर भी चिंता व्यक्त की गयी. इसके अलावा प्रधानी मौजा के रास्तों, पोखरों, पिंड, परती कदीम एवं प्रधानी जोत की भूमि पर अतिक्रमण की बढ़ती घटनाओं पर रोष जताया गया.
प्रधानों ने कहा कि अतिक्रमण की लिखित शिकायत अंचल कार्यालय को दिये जाने के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गयी है. प्रधानों ने पिछले चार से पांच माह से सम्मान राशि का भुगतान नहीं होने पर भी असंतोष व्यक्त करते हुए शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की.
बैठक में पूर्व अध्यक्ष निर्मल पोद्दार, धनंजय प्रसाद सिन्हा, अक्षय कांत मिश्र, रुद्र प्रताप सिंह, निर्मल भगत, मोहम्मद खालिद, जनार्दन यादव, कमर अफाक, सुरेश प्रसाद यादव, सजन मिश्रा, सुभाष साह, गोपाल प्रसाद भगत, शिव प्रसाद साह, मोहम्मद मनीर, तुलाराम ठाकुर, अब्दुल सत्तार सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










