महुआरा-इटवा-कुरमा सड़क जर्जर, बरसात में बढ़ी ग्रामीणों की परेशानी

Updated:
विज्ञापन

जर्जर सड़क. | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

ठाकुरगंगटी की महुआरा-इटवा-कुरमा सड़क जर्जर होने से ग्रामीण परेशान हैं. बरसात में कीचड़ और जलजमाव से आवागमन मुश्किल हो गया है। प्रशासन से मरम्मत की मांग की गई है.

विज्ञापन

ठाकुरगंगटी प्रखंड क्षेत्र के महुआरा गांव से इटवा होते हुए कुरमा गांव तक जाने वाली मुख्य ग्रामीण सड़क बदहाल स्थिति में पहुंच गयी है. सड़क की जर्जर हालत के कारण स्थानीय लोगों के साथ-साथ राहगीरों को भी आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. यह मार्ग कई गांवों को मुख्य सड़क से जोड़ता है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इसी रास्ते से बाजार तथा अन्य स्थानों के लिए आवागमन करते हैं. ग्रामीणों के अनुसार वर्षों से सड़क की मरम्मत नहीं होने के कारण इसकी स्थिति लगातार खराब होती जा रही है.

विज्ञापन

सड़क की ऊपरी परत पूरी तरह उखड़ चुकी है और कई स्थानों पर डामर का नामोनिशान तक नहीं बचा है. बरसात के दिनों में सड़क पर जलजमाव हो जाता है, जिससे पूरा मार्ग कीचड़ में तब्दील हो जाता है और पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है. ग्रामीणों ने बताया कि दिन के समय लोग किसी तरह इस सड़क से गुजर जाते हैं, लेकिन रात के समय आवागमन बेहद जोखिम भरा हो जाता है. सबसे अधिक परेशानी कुरमा गांव के समीप होती है, जहां सड़क की स्थिति अत्यंत खराब होने के कारण राहगीरों को दुर्घटना का भय बना रहता है.

ग्रामीण शेख वाहिद, साहिल अंसारी, सुखन अंसारी, अब्दुल कलाम एवं दुखन अंसारी सहित अन्य लोगों ने बताया कि सूखे मौसम में किसी तरह परेशानी झेल ली जाती है, लेकिन बरसात में हालात बेहद गंभीर हो जाते हैं. उन्होंने कहा कि यह समस्या कई वर्षों से बनी हुई है, लेकिन अब तक न तो जनप्रतिनिधियों और न ही संबंधित अधिकारियों ने इसकी सुध ली है. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर जलजमाव के कारण दुर्गंध फैल रही है और मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है. उन्होंने जिला प्रशासन से अविलंब सड़क की मरम्मत कराने, जलनिकासी की समुचित व्यवस्था करने तथा ग्रामीणों को इस समस्या से राहत दिलाने की मांग की है.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola