तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से दो युवक घायल
एक का पैर टूटा, बेहतर उपचार के लिए भागलपुर रेफर
मेहरमा थाना क्षेत्र में प्रखंड मुख्यालय गेट के समीप तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर से दो युवक घायल हो गये. घायलों की पहचान मनरेगा ऑपरेटर सोनू कुमार (25) तथा बलबड्डा थाना क्षेत्र के अमौर निवासी संजय दास (35) के रूप में हुई है. घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), मेहरमा पहुंचाया गया. वहां ऑन ड्यूटी चिकित्सक डॉ. प्रणव कुमार ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया. चिकित्सकों के अनुसार सोनू कुमार के सिर और पैर में चोट लगी है, जबकि संजय दास का पैर टूट गया. गंभीर स्थिति को देखते हुए संजय दास को बेहतर उपचार के लिए भागलपुर रेफर कर दिया गया. घायल सोनू कुमार ने बताया कि दोनों प्रखंड मुख्यालय के सामने स्थित एक चाय दुकान पर चाय पीने के बाद पैदल कार्यालय लौट रहे थे. इसी दौरान तेज गति से आ रही एक मोटरसाइकिल ने उन्हें टक्कर मार दी. दुर्घटना के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलने पर मेहरमा थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर के निर्देश पर एएसआइ राजेश पांडेय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घायलों से घटना की जानकारी ली. एएसआइ राजेश पांडेय ने बताया कि घायलों की ओर से आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस फरार बाइक चालक की पहचान और दुर्घटना की जांच में जुट गयी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










