एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी बंद में मेडिकल दुकानों के शटर गिरे

-पथरगामा में अखिल भारतीय मेडिकल एसोसिएशन के आह्वान पर मेडिकल बंद
अखिल भारतीय मेडिकल एसोसिएशन के आवाहन पर बुधवार, 20 मई को पथरगामा क्षेत्र की सभी मेडिकल दुकानें बंद रहीं. सुबह से ही दुकानों के शटर बंद रहने के कारण बाजार में खालीपन नजर आया. मेडिकल व्यवसायियों ने बताया कि यह बंद उनके उचित और न्यायसंगत अधिकारों की रक्षा के लिए किया गया है. एसोसिएशन ने सभी मेडिकल दुकानदारों से अपील की थी कि वे 20 मई को पूर्ण रूप से अपने प्रतिष्ठान बंद रखें और इस आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभायें. व्यवसायियों की मुख्य मांगों में सरकार द्वारा ऑनलाइन दवा भेजने पर रोक लगाना और नशीली दवाओं की बिक्री पर पाबंदी शामिल है. इस मौके पर विजय साह, सीताराम साह और संजय कुमार झा सहित अन्य लोग मौजूद रहे.
अखिल भारतीय मेडिकल एसोसिएशन के आह्वान पर हनवारा बाजार में सन्नाटा
महागामा प्रखंड के हनवारा बाजार क्षेत्र में बुधवार को अखिल भारतीय मेडिकल एसोसिएशन के आह्वान पर ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में आयोजित राष्ट्रव्यापी मेडिकल बंद का व्यापक असर देखा गया. हनवारा बाजार की सभी दवा दुकानें पूरी तरह बंद रहीं, जिससे पूरे दिन बाजार में सन्नाटा पसरा रहा. हनवारा में केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के नेतृत्व में आयोजित इस बंद में व्यवसायियों ने ऑनलाइन दवा बिक्री पर तत्काल रोक लगाने और अपने अधिकारों की सुरक्षा की मांग उठायी. दवा दुकानदारों का कहना है कि ऑनलाइन बिक्री से छोटे और मध्यम स्तर के मेडिकल स्टोर संचालकों का व्यवसाय प्रभावित हो रहा है और बिना उचित निगरानी के दवाओं की ऑनलाइन आपूर्ति लोगों के स्वास्थ्य के लिए जोखिमपूर्ण है. मेडिकल बंद से पहले व्यवसायियों ने पांच दिनों तक काला बिल्ला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया था. संघ से जुड़े व्यवसायियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र विचार नहीं किया गया तो चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा. वहीं बंदी के कारण जरूरतमंद लोगों को दवा खरीदने में असुविधा का सामना करना पड़ा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










