गोड्डा के गेरुआ नदी में दिखा घड़ियाल, ग्रामीणों में दहशत

झारखंड के गोड्डा जिले के बसंतराय प्रखंड में गेरूआ नदी के पास पहली बार लगभग दस से बारह फीट लंबे एक घड़ियाल के दिखने से ग्रामीण भयभीत हैं। मवेशी चराते समय ग्रामीणों ने इसे देखा और वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग की टीम ने देखकर इसकी पुष्टि की और लोगों को नदी के किनारे न जाने की सलाह दी। वनपालों ने बताया कि यह घड़ियाल लगभग तीस वर्ष का वयस्क है और करीब 40-50 किमी दूर से आया होगा। सुरक्षा के लिए निगरानी बढ़ाई गई है।
संवाददाता, गोड्डा /बसंतराय बसंतराय प्रखंड के सनौर गांव के समीप गेरूआ नदी में घड़ियाल दिखने से ग्रामीणों में भय का माहौल है. पहली बार इस क्षेत्र में विशाल घड़ियाल को देखा गया है. ग्रामीणों के अनुसार कुछ लोग नदी किनारे मवेशी चरा रहे थे, तभी उनकी नजर करीब दस से बारह फीट लंबे घड़ियाल पर पड़ी. देखते ही अफरा-तफरी मच गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भाग निकले. ग्रामीणों ने मोबाइल में तस्वीरें भी कैद कीं. खबर फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग नदी किनारे पहुंचने लगे जिससे हड़कंप का माहौल बन गया. ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी. वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नदी किनारे विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने घड़ियाल की मौजूदगी की पुष्टि करते हुए निगरानी बढ़ा दी है. उन्होंने लोगों से नदी के पास न जाने, स्नान, मछली पकड़ने और मवेशियों को वहां ले जाने से बचने की अपील की. कहा गया कि घड़ियाल खतरनाक जीव है, इसलिए उसके करीब जाने का प्रयास न करें और किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को दें. स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में पहली बार घड़ियाल दिखा है जिससे चिंता बढ़ गई है. उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा के लिए निगरानी बढ़ाने और ठोस कदम उठाने की मांग की है. मौके पर प्रभारी वनपाल रत्न कुमार झा, प्रधान वन रक्षी अशोक कुमार दास, प्रभारी वनपाल अमित कुमार साह, वनरक्षी राजीव कुमार रंजन, संजय हांसदा, शमशेर आलम, रतन कुमार ठाकुर सहित अन्य वनकर्मी मौजूद रहे. क्या कहते हैं वनपाल गंगा से गेरूआ नदी में घड़ियाल का बहकर आना संभव है. करीब चालीस से पचास किलोमीटर दूरी तय कर यह जीव यहां पहुंचा होगा. उन्होंने कहा कि तस्वीरों से यह व्यस्क घड़ियाल प्रतीत होता है, जिसकी लंबाई दस से बारह फीट और उम्र लगभग तीस वर्ष हो सकती है. फिलहाल लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. राजीव मोदी, वनपाल सह स्नेक मैन रेस्क्यूमास्टर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










