फटी पाइपलाइन से घरों में पहुंच रहा नाले का दूषित पानी

Published by : SANJEET KUMAR Updated At : 10 Jun 2026 10:34 PM

विज्ञापन

गोड्डा नगर परिषद के वार्ड संख्या-7 साकेतपुरी में पेयजल संकट गहराया, लोगों में आक्रोश

विज्ञापन

गोड्डा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-7 स्थित साकेतपुरी मोहल्ले में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की गंभीर लापरवाही सामने आयी है. यहां बिछायी गयी पेयजल पाइपलाइन नाले के बीच से गुजरने के कारण क्षतिग्रस्त हो गयी है. इसके चलते लोगों के घरों में स्वच्छ पेयजल के बजाय नाले का दूषित एवं बदबूदार पानी पहुंच रहा है. स्थानीय निवासियों के अनुसार पाइपलाइन फटने की समस्या कोई नयी नहीं है. पिछले कई दिनों से यह स्थिति बनी हुई है. लोगों का आरोप है कि उन्होंने इस संबंध में कई बार संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन को शिकायत दी, लेकिन अब तक समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. निवासियों का कहना है कि विभागीय उदासीनता के कारण क्षेत्र में पेयजल संकट गहरा गया है. स्वच्छ पानी नहीं मिलने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. इससे प्रशासन और जलापूर्ति विभाग के प्रति स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है.

दूषित पानी से बीमारियों का बढ़ा खतरा

दूषित पानी की आपूर्ति से क्षेत्र में जलजनित बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ गयी है. खासकर बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर प्रतिरक्षा वाले लोगों के स्वास्थ्य पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है. स्थिति यह है कि कई परिवार मजबूरी में या तो दूषित पानी का उपयोग कर रहे हैं अथवा बाजार से पानी खरीदकर अपनी आवश्यकताएं पूरी कर रहे हैं. स्थानीय लोगों ने बताया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद अधिकारियों की ओर से केवल आश्वासन ही दिया जा रहा है. उनका कहना है कि नाले का पानी पाइपलाइन में मिल जाने से घरेलू कार्यों के साथ-साथ पीने के पानी की समस्या भी गंभीर हो गयी है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र पाइपलाइन की मरम्मत कर स्वच्छ जलापूर्ति बहाल नहीं की गयी, तो वे आंदोलन करने को विवश होंगे.

विज्ञापन
SANJEET KUMAR

लेखक के बारे में

By SANJEET KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola