जलजमाव की समस्या को लेकर प्रशासन हरकत में
Published by : SANJEET KUMAR Updated At : 10 Jun 2026 10:38 PM
ग्रामीणों की शिकायत पर बीडीओ और थाना प्रभारी ने किया निरीक्षण
हनवारा थाना क्षेत्र के मिल्की गांव में जलजमाव की समस्या से परेशान ग्रामीणों की शिकायत पर प्रशासनिक अधिकारियों ने बुधवार को प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया. ग्रामीणों ने जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण मुख्य सड़क पर बरसाती पानी जमा होने तथा आवागमन में हो रही परेशानियों को लेकर प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग की थी. ग्रामीणों के अनुसार गांव में लंबे समय से जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण बारिश का पानी मुख्य सड़क पर जमा हो जाता है. इससे लोगों को आने-जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. साथ ही जलजमाव के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बढ़ गयी है. शिकायत मिलने के बाद महागामा के बीडीओ सोना राम एवं हनवारा थाना प्रभारी ध्रुव कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागीय कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नाला निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि नाला निर्माण पूरा होते ही जमा पानी की समुचित निकासी सुनिश्चित की जाएगी, जिससे ग्रामीणों को राहत मिलेगी. अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जल्द कार्रवाई की उम्मीद जतायी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










