गोड्डा में अवैध बालू लदा ट्रैक्टर ने कबाड़ व्यापारी को कुचल दिया, मौके पर मौत

फत्तू टोला अमरपुर अपने घर जा रहा साइकिल सवार युवक हुआ हादसे का शिकार
गोड्डा नगर थाना क्षेत्र के सुंदरपहाड़ी-पाकुड़ मुख्य मार्ग, पथरा चौक के समीप देर शाम अवैध बालू लोड ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक कबाड़ खरीदने वाले युवक की मौत हो गयी. घटना में मृतक की पहचान सदर प्रखंड के अमरपुर फत्ते टोला निवासी 28 वर्षीय संजीत गुप्ता के रूप में हुई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर चालक पास के कझिया नदी से अवैध बालू लोड कर शहर की ओर आ रहा था. इसी क्रम में अपने घर लौट रहे कबाड़ व्यापारी संजीत गुप्ता को ट्रैक्टर ने साइकिल समेत चक्का के नीचे रौंद दिया. घटनास्थल पर ही युवक की मौत हो गयी. आसपास के लोगों ने तुरंत नगर थाना को सूचना दी. ट्रैक्टर चालक घटना को अंजाम देने के बाद ट्रैक्टर समेत फरार हो गया. सूचना मिलने पर नगर थाना की पुलिस पथरा चौक पहुंची और शव को गोड्डा सदर अस्पताल भेज दिया. मृतक के चचेरे भाई करमवीर गुप्ता ने बताया कि संजीत गुप्ता वर्षों से कबाड़ खरीद-बिक्री कर अपने माता-पिता और चार भाई-बहनों का भरण-पोषण कर रहा था. मृतक अविवाहित था और परिवार में उसकी मौत से गहरा शोक व्याप्त है.‘घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेज दिया. मामले की जांच शुरू कर दी गई है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश जारी है.
-दिनेश महली, थाना प्रभारी
नगर परिषद चुनाव में आचार संहिता के बीच अवैध बालू माफिया पर पुलिस की सुस्त कार्रवाई
स्थानीय लोगों ने बताया कि झारखंड सरकार द्वारा अवैध बालू कारोबार पर सख्ती के बावजूद गोड्डा जिले में यह धंधा खुलेआम चल रहा है. अवैध बालू ढुलाई के कारण सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है, लेकिन प्रशासनिक कार्रवाई केवल कागज़ों तक सीमित नजर आती है. पथरा चौक की हालिया घटना अवैध बालू माफियाओं और बेलगाम ट्रैक्टर चालकों की मनमानी का जीता-जागता उदाहरण है. परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते अवैध बालू ढुलाई पर रोक लगायी गयी होती, तो आज उनका परिवार इस दर्दनाक हादसे का सामना नहीं कर रहा होता. हर शाम पथरा चौक से कुछ दूर लाइन होटल के पास, गश्ती वाहन की मौजूदगी में भी अवैध बालू लेकर सैकड़ों ट्रैक्टरों की आवाजाही होती है. स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां से गुजरना भी अब लोगों के लिए डर का कारण बन गया है. परिजनों ने मांग किया है कि अवैध ट्रैक्टरों को तुरंत बरामद किया जाये, अवैध बालू कारोबार पर तत्काल रोक लगायी जाये और बालू माफियाओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाये, ताकि भविष्य में किसी और गरीब परिवार को ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




