घाट कुराबा में मां वैष्णवी महाकाली पूजा के अवसर पर निकाली गयी भव्य कलश शोभा यात्रा

सुमधुर ढोल-नगाड़े के साथ कलश शोभा यात्रा में 1751 कलश कन्याओं ने लिया भाग
पथरगामा प्रखंड के घाट कुराबा पंचायत अंतर्गत घाट कुराबा गांव में गुरुवार को मां वैष्णवी महाकाली पूजा को लेकर भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गयी. पूजा के पहले सुंदर नदी में आचार्य आकाश जी शास्त्री द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन किया गया और कलश में विधिविधानपूर्वक जल भरा गया. इस अवसर पर यजमान के रूप में अमर कुमार अपनी धर्मपत्नी प्रीति कुमारी के साथ उपस्थित रहे. इस भव्य शोभा यात्रा में कुल 1751 कलश कन्याओं ने भाग लिया. सुंदर नदी से घाट कुराबा गांव तक यात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्तजन वैष्णवी महाकाली का जयकारा लगाते हुए चल रहे थे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया. यात्रा मार्ग पर सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा कलश कन्याओं के लिए शीतल जल, शरबत और फल की व्यवस्था की गयी, जिसका सेवन कन्याओं ने किया. कलश शोभा यात्रा में प्रखंड प्रमुख अवधेश साह, मुखिया मुकेश चौधरी, जदयू जिला अध्यक्ष चंद्रधर सिंह चुन्नू, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष दिलीप सिंह, जिप सदस्य पूनम देवी, पूर्व जिप सदस्य सियाराम भगत, मदन सिंह, सहित पूजा समिति और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे. घाट कुराबा पहुंचने के पश्चात वैष्णवी महाकाली मंदिर परिसर में विधिविधानपूर्वक कलश स्थापित किए गये. प्रखंड के घाट कुराबा पंचायत में प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी श्री श्री 108 वैष्णवी महाकाली पूजा सह मेला का आयोजन किया जा रहा है. पूजा समिति के अनुसार, कार्यक्रम 2 अप्रैल से 6 अप्रैल तक चलेगा. 3 अप्रैल, शुक्रवार को प्रातः 8:00 बजे पूजन और संध्या 6:00 बजे से अखंड कीर्तन प्रारंभ होगा. 6 अप्रैल, सोमवार को दोपहर 3:00 बजे हवन आयोजित किया जाएगा, जबकि रात्रि 9:00 बजे से भक्ति जागरण का आयोजन होगा. कोलकाता के मुख्य कलाकार इस भक्ति जागरण कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुति देंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




