बिना सूचना आंगनबाड़ी केंद्र तोड़े जाने का आरोप, थाने में शिकायत

तोड़ा गया आंगनबाड़ी केंद्र. | Prabhat Khabar Network
ललमटिया के बसडीहा में बिना सूचना आंगनबाड़ी केंद्र तोड़े जाने से सरकारी सामान नष्ट हुआ. सेविका ने अधिकारियों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है.
ललमटिया थाना क्षेत्र के बसडीहा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र (कोड-210) को बिना पूर्व सूचना के तोड़े जाने का मामला सामने आया है. आंगनबाड़ी सेविका रीता कुमारी ने इस संबंध में ललमटिया थाना में आवेदन देकर संबंधित परियोजना अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है. सेविका का आरोप है कि राजमहल परियोजना के अधिकारी शाहनवाज अंसारी एवं मुन्ना पंडित द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना के आंगनबाड़ी केंद्र को ध्वस्त कर दिया गया. इससे केंद्र में रखा सरकारी सामान और महत्वपूर्ण अभिलेख क्षतिग्रस्त हो गये.
सरकारी सामान और अभिलेख हुए क्षतिग्रस्त
रीता कुमारी ने बताया कि केंद्र में रखे रसोई के सामान, गोदरेज अलमारी, कड़ाही, प्रेशर कुकर, चावल रखने का ट्रंक, अन्य बर्तन तथा कई आवश्यक रजिस्टर और दस्तावेज नष्ट हो गये. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र टूटने के बाद ग्रामीण वहां रखे सामान को भी अपने साथ ले जा रहे हैं, जिससे सरकारी संपत्ति को और अधिक नुकसान हो रहा है. सेविका ने बताया कि वर्तमान में परियोजना की ओर से आंगनबाड़ी केंद्र को दूसरे स्थान पर संचालित करने की व्यवस्था की गयी है. उन्होंने कहा कि वे 24 और 25 जुलाई को निजी कार्य से अवकाश पर थीं. इसी दौरान उनकी अनुपस्थिति में अधिकारियों ने जबरन केंद्र को तोड़ दिया.
बिना सूचना कार्रवाई करना अनुचित
बीडीओ मामले में बोआरीजोर के बीडीओ मिथिलेश कुमार सिंह ने कहा कि यदि बिना पूर्व सूचना के आंगनबाड़ी केंद्र को तोड़ा गया है, तो यह नियमों के विरुद्ध है. उन्होंने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी और जांच में आरोप सही पाये जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










