Giridih News :उफ्फ ये गर्मी...जलता है बदन, पारा पहुंचा 42 पर

Published by :PRADEEP KUMAR
Published at :21 Apr 2026 11:00 PM (IST)
विज्ञापन
Giridih News :उफ्फ ये गर्मी...जलता है बदन, पारा पहुंचा 42 पर

Giridih News :उफ्फ ये गर्मी...जलता है बदन. गिरिडीह जिले में पड़ रही गर्मी से सभी की जुबां से यही शब्द निकल रहे हैं. प्रचंड गर्मी की वजह से ना तो दिन में चैन है और ना ही रात में सुकून मिल पा रहा है. इस गर्मी में हर कोई परेशान है. इतना ही नहीं बिजली-पानी की अनियमित आपूर्ति भी लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है.

विज्ञापन

एक तो गर्मी का प्रकोप ऊपर से लचर सिस्टम का खामियाजा जनता झेल रही है. मंगलवार को भी अधिकतम तापमान 42 डिग्री रहा. पिछले कुछ दिनों से पारा चढ़ा हुआ है. प्रचंड गर्मी और गर्म हवा लोगों का जीना मुहाल कर रखा है. पुरुष तो दिन में काम से बाहर निकल जाते हैं, लेकिन घर में रहने वाली महिलाओं व बच्चों को काफी परेशानी हो रही है. सुबह नौ बजे से लेकर रात तक यही हाल है. गर्म हवा के झोंका से चेहरा झुलस रहा है. सुबह आठ बजे से ही गर्म हवा चलने लगती है. इससे लोगों को अपने घरों से निकलने में मुश्किल हो रही है. बहुत जरूरी काम होने पर ही लोग घर से बाहर निकलते हैं और अपना काम जल्द खत्म कर वापस लौट जाते हैं. बाहर निकलने पर छतरी व गमछा ही सहारा है. ऑफिस जाने वाले लोग तो किसी तरीके से कार्यालय पहुंच जाते हैं, लेकिन जो घर में रहते हैं उन्हें उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ता है. रोजाना कमाने खाने वाले लोगों को सबसे अधिक कठिनाई झेलनी पड़ रही है. गर्मी के साथ-साथ पेयजल की किल्लत से शहरवासियों के अलावे ग्रामीण इलाकों के लोग भी परेशान हो रहे हैं.

पंखा से निकलती है गर्म हवा, कूलर भी बेअसर

प्रचंड गर्मी में पंखा से गर्म हवा निकलती है. कूलर भी बेकाम साबित हो रहे हैं. कम वोल्टेज की वजह से एसी भी नहीं चल रहा है. इससे सभी वर्ग के लोग परेशान हैं. पसीने से लथपथ होकर लोग अपने-अपने कार्यों का निष्पादन करते हैं. रात्रि में कई लोग अपने-अपने घर के छत पर सो रहे हैं. गर्मी में शीतल पेय पदार्थ की मांग बढ़ गयी है. शहरी क्षेत्र के कचहरी चौक, कालीबाड़ी रोड, बड़ा चौक, पचंबा सहित कई इलाकों में सतू सहित अन्य पेय पदार्थ का सेवन करते लोग नजर आ जाते हैं.

नगर निगम क्षेत्र के कई इलाकों में पेयजल की किल्लत

प्रचंड गर्मी में नगर निगम क्षेत्र के कई इलाकों में पेयजल की किल्लत से परेशानी हो रही है. सही मात्रा और सुचारू रूप से जलापूर्ति नहीं होने की वजह से लोग परेशान हैं. संपन्न लोगों को, तो खास परेशानी तो नहीं हो रही है, लेकिन जो गरीब तबका का समय पेयजल जुगाड़ में निकल जाता है. गर्मी में जलापूर्ति व्यवस्था को दुरूस्त करने की मांग भी तेज हो गई है. कुछेक वार्ड पार्षदों ने नगर निगम के अधिकारियों से जलापूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है. पार्षद संजीव कुमार ने नगर निगम से वार्ड नंबर छह में जलापूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है. वहीं, कई लोगों की शिकायत है कि सही मात्रा में जलापूर्ति नहीं हो रही है. बाभनटोली में नल से जल लेने के लिए कतारबद्ध तरीके से जार को रखा जाता है. लोगों को पानी लेने के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है.

गिरिडीह कोयलांचल क्षेत्र में जलापूर्ति प्रभावित, लोग परेशान

गिरिडीह कोयलांचल क्षेत्र में जलापूर्ति प्रभावित रहने से लोग परेशान है. पिछले तीन दिनों से बनियाडीह, बी टाइप कॉलोनी, ऑफिसर्स कॉलोनी, गांधीनगर समेत अन्य क्षेत्र में जलापूर्ति बंद है. लो वोल्टेज के कारण जोगटियाबाद चानक से जलापूर्ति नहीं हो पा रही है. नल जल योजना के तहत अकदोनी खुर्द पंचायत में लगायी गयी सोलर पानी टंकी से मोहल्लेवासियों को पाइप का कनेक्शन नहीं देने के कारण पानी नहीं मिल रहा है. स्थानीय लोगों ने पूर्व में कई बार पाइप लाइन बिछाने की मांग संबंधित विभाग से की खी, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है. वहीं, पपरवाटांड़ इलाके के लोग भी पेयजल की किल्लत झेल रहे हैं. यहां पर मोटर खराब होने के कारण समस्या उत्पन्न हुई है.

विज्ञापन
PRADEEP KUMAR

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

PRADEEP KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola