Giridih News :गुमटियों को हटाकर सड़क को किया गया अतिक्रमणमुक्त
Published by : PRADEEP KUMAR Updated At : 17 Apr 2026 11:32 PM
Giridih News :अनुमंडल प्रशासन ने शुक्रवार को न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए पीडब्ल्यूडी सड़क किनारे किये गये अतिक्रमण पर कार्रवाई की. घोड़थंभा ओपी क्षेत्र के मुख्य बाजार में सड़क किनारे बनी दो गुमटियों को जेसीबी मशीन की मदद से ध्वस्त कर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया गया.
जानकारी के अनुसार जमुआ थाना क्षेत्र के कुरूमडीहा निवासी लखन वर्मा का मुख्य बाजार में पक्का मकान है. मकान के ठीक सामने ओपी क्षेत्र के गुंडरी निवासी रामकुमार पांडेय का एक गुमटी था. इसके समीप ही लखन वर्मा का भी एक गुमटी बना हुआ था. कुछ दिन पूर्व लखन वर्मा द्वारा रामकुमार पांडेय की गुमटी को हटाने के लिए न्यायालय में याचिका दायर की थी.
न्यायालय के आदेश पर की गयी कार्रवाई
इस पर न्यायालय ने स्थानीय प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया. न्यायालय के आदेश के अनुपालन में शुक्रवार को अनुमंडल प्रशासन पुलिस बल और जेसीबी के साथ मौके पर पहुंचा. शुरू में स्थानीय लोगों ने कार्रवाई का विरोध किया, लेकिन प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी कराते हुए पारदर्शिता बनाये रखी और स्थिति को नियंत्रित किया. इस कार्रवाई के बाद सड़क पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त हो गयी और बाजार में आवागमन भी सुगम हो गया.
एसडीओ रहे उपस्थित
एसडीओ अनिमेष रंजन, सीओ यशवंत कुमार सिन्हा, घोड़थंभा ओपी प्रभारी धर्मेंद्र अग्रवाल, सीआई अभिषेक कुमार, एएसआई रजनीश कुमार सहित अन्य पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










