Giridih News :बेंगाबाद चौक में अधिकारियों की मौजदूगी में हटाया गया अतिक्रमण

Edited by PRADEEP KUMAR
Updated:
विज्ञापन

Giridih News :बेंगाबाद चौक में अतिक्रमण से राहगीरों को हो रही परेशानी को अधिकारियों ने गंभीरता से लिया. शुक्रवार को अधिकारियों की उपस्थिति में अतिक्रमण हटाया गया.

विज्ञापन

दुकानों के बाहर लगाये गये एस्बेस्टस को किया ध्वस्त, सामानों को किया जब्त

बेंगाबाद चौक में अतिक्रमण से राहगीरों को हो रही परेशानी को अधिकारियों ने गंभीरता से लिया. सड़क को अतिक्रमण कर लिए जाने से दुकानों के बाहर वाहनों को खडी किये जाने से विधि व्यवस्था की समस्या को देखते हुए अंचल अधिकारी प्रियंका प्रियदर्शी, इंस्पेक्टर ममता कुमारी, थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह, अंचल निरीक्षक सुरेंद्र यादव, राजस्व कर्मचारी अमर किशोर प्रसाद सिन्हा, अशोक दास, रोहित कुमार दल बल के साथ जेसीबी लेकर चौक पहुंचे. पूर्व में की गयी मापी की मार्किंग के आधार पर शुक्रवार दोपहर 12.30 बजे अतिक्रमण हटाने का कार्य शुरू किया गया. अधिकारियों व पुलिस जवानों की मौजूदगी में शाम छह बजे तक बेंगाबाद चौक के मुख्य मार्ग से अतिक्रमण को हटाते हुए आवश्यक सामानों को जब्त करने की कार्रवाई की गयी. दुकानों के बाहर लगाये गये एस्बेस्टस को ध्वस्त कर दिया गया. पुलिस प्रशासन की सख्ती को देखते हुए दुकानदार स्वयं से अतिक्रमण हटाने में जुट गये. सामानों की बर्बादी से बचाने के लिए दुकानदारों ने अपने अपने सामानों को अस्थाई शेड से दुकान के अंदर कर लिया. वहीं कई दुकानदारों ने वेल्डिंग मिस्त्री के सहयोग से एस्बेस्टस सीट व एंगल को काटकर सुरक्षित करने में जुटे दिखे.

एनएच की नाली पर लगी अस्थाई दुकानों को भी हटाया

एनएच की नाली पर लगी अस्थाई दुकानों को भी हटाया गया. मुख्य मार्ग से अतिक्रमण हटाने के बाद अधिकारी जेसीबी लेकर एनएच की लूप लाइन पहुंचे. यहां नाली के उपर तिरपाल लगाकर लगायी गयीं फल, सब्जी, चाय, पकौड़ी की दुकानों को हटाने का निर्देश दिया. देखते ही देखते दुकानदार अपनी दुकानों को हटाने में जुट गये. हालांकि कुछ दुकानदारों ने हटाने पर आपत्ति जतायी. इसपर प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तिायार किया और फलों के टोकरी को ट्रैक्टर में लोड कर लिया. इसके बाद जेसीबी से सभी झोपड़ियों को ध्वस्त कर दिया.देखते ही देखते बदल गया चौक का नजारा

बेंगाबाद चौक में अतिक्रमण के कारण रास्ते पर सजने वाली बाइक व ऑटो का कहीं अता पता नहीं चल रहा था. चौक की अधिकांश दुकानें बंद कर दी गयीं. चौक में पुलिस जवानों व अधिकारियों की ही चहलकदमी देखी जा रही थी. इधर अतिक्रमण हटाने के बाद चौक की सूरत बदल गयी. हालांकि इस अभियान को कुछ दुकानदारों ने बदले की भावना से की गई कार्रवाई बतायी. कहा कि जिन दुकानदारों की पकड़ व पैरवी है, उसे बख्श दिया गया.

नोटिस के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने पर हुई कार्रवाई

इधर अंचल अधिकारी प्रियंका प्रियदर्शी ने एनांउस कर अतिक्रमण किये दुकानदारों को सचेत किया. कहा जो भी अतिक्रमण है, उसे अपने से जल्द हटा लें, अन्यथा प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाते हुए जुर्माना वसूलेगी. साथ ही अन्य नुकसान के वे स्वयं भागीदार होंगें. सीओ के निर्देश के बाद जेसीबी से अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई प्रारंभ की गई. सीओ ने बताया पूर्व में मापी के बाद सड़क अतिक्रमण कर दुकान को बाहर विस्तार करने वाले दुकानदारों को तीन बार नोटिस दिया जा चुका है. बावजूद दुकानदारों ने अतिक्रमण को नहीं हटाया. बताया सड़क के अतिक्रमण के कारण ग्रामीण सड़क पर अपने वाहन खड़ी करने को विवश थे जिस कारण राहगीरों को जाम का सामना करना पड़ रहा था. मरीज लेकर आने वाले एम्बुलेंस व विधि व्यवस्था में जाने वाली प्रशासनिक वाहन भी जाम की चपेट में रोज आ रहे थे. इस स्थिति को देखते हुए अतिक्रमण हटाने का काम किया गया. कहा दुकानदार अपने दुकानों के बाहर के मलबे अपने से साफ करें अन्यथा प्रशासन उससे भी मुआवजा वसूलेगी. बताया इसकी जानकारी एसडीओ व एसपी को भी दी गई है. सुरक्षा दृष्टिकोण से अतिरिक्त बल को भी बुलाया गया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
PRADEEP KUMAR

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola