Giridih News :लापता बच्चे का शव कुएं से मिला, हत्या का आरोप

Published by : PRADEEP KUMAR Updated At : 20 Apr 2026 10:30 PM

विज्ञापन

Giridih News : हीरोडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बदडीहा गांव में पांच वर्षीय मासूम सिद्धार्थ कुमार उर्फ भोला कुमार पिता विकास कुमार का शव सोमवार को एक कुएं से मिला. परिजन ने हत्या की आशंका जताते हुए थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है.

विज्ञापन

विकास ने पुलिस को बताया कि रविवार शाम करीब 6:45 बजे उनका पुत्र घर से खेलने निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा. काफी खोजबीन के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली, तो पुलिस को सूचना दी. रविवार को उसका शव गांव के एक कुएं से बरामद हुआ. विकास ने आरोप लगाया है कि बच्चे की हत्या कर शव को कुएं में फेंका दिया गया. इधर, पुलिस आरोपितों तक पहुंचने के लिए डॉग स्क्वॉड की मदद ली है. मासूम का शव मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गयी. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ विमल कुमार के निर्देश पर जांच तेज कर दी गयी है. डॉग स्क्वॉड की टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास के इलाकों में अभियान चलाया है.

10 लोग किये गये नामजद

विकास ने अपनी शिकायत में गांव के ही किशोरी प्रसाद वर्मा, अर्जुन प्रसाद वर्मा, मंजू देवी, कौशल्या देवी, कर्मी देवी, प्रभात कुमार, दुलार चंद प्रसाद वर्मा, पिंटू कुमार वर्मा, तरुण वर्मा, बबीता देवी समेत अन्य पर हत्या करने की आशंका जताते हुए आरोपित किया है. कहा है कि इनलोगों के साथ पूर्व में विवाद हुआ था और उसी रंजिश में इस घटना को अंजाम दिया है. उन्होंने इनलोगों से अपनी जान को भी खतरा होने की बात कही है.

जांच में जुटी पुलिस, डॉग स्क्वॉड की ली मदद

पुलिस के अनुसार, गांव में एक जमीन को लेकर अभियुक्तों और पीड़ित परिवार के बीच वर्षों से तनाव है. जमीन विवाद का मामला न्यायालय में विचाराधीन है. मृत बच्चे के चाचा वीरेंद्र कुमार ने बताया कि उनलोगों की 10 डिसमिल जमीन पर आरोपित कब्जा जमाए हैं. आरोप लगाया कि दो दिन पूर्व कोर्ट से नोटिस मिलने के बाद बौखलाहट में बच्चे को मारकर कुएं में फेंक दिया. इधर, थाना प्रभारी महेश चंद्र ने कहा कि हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा.

विज्ञापन
PRADEEP KUMAR

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola