भीषण अगलगी में खपरैल घर राख, चार मवेशियों की गई जान
आग लगने से मकान जलकर राख
जमुआ के गांधी चौक तारा में भीषण आग लगने से एक घर जलकर राख हो गया और चार मवेशियों की मौत हो गई। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।
जमुआ थानांतर्गत गांधी चौक के तारा में बीती रात भीषण आग लगने से एक खपरैल घर जलकर राख हो गया. इस अगलगी में घर में बंधे चार मवेशियों की भी मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार गंगो महतो के खपरैल घर के दो कमरों में बिचाली रखी हुई थी.
उसी कमरे में चार मवेशी बंधे हुए थे. मकान में अचानक आग लग गयी और देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया. आग इतनी तेजी से फैली कि कमरे में बंधे मवेशियों को बाहर निकालने का मौका तक नहीं मिला.
देखते ही देखते सब कुछ जलकर राख हो गया
घटना के वक्त आसपास के लोग जब तक कुछ समझ पाते और आग पर काबू पाने का प्रयास करते, तब तक घर और अंदर रखा सारा सामान पूरी तरह नष्ट हो चुका था. हालांकि, आग किन कारणों से लगी, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. अगलगी की इस घटना से पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है.
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को अविलंब राहत व उचित मुआवजा देने की मांग की है. इधर, तारा मुखिया शकुंतला देवी, समाजसेवी लक्ष्मण महतो, मुरली राम कमल दास विकास कुमार नीरो राम आदि प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को आपदा राहत कोष से लाभ दिया जाय.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए







