Giridih News :भाजपा मंडल अध्यक्ष के चुनाव को लेकर बढ़ी दावेदारों की सक्रियता

Updated at : 28 Feb 2025 10:36 PM (IST)
विज्ञापन
Giridih News :भाजपा मंडल अध्यक्ष के चुनाव को लेकर बढ़ी दावेदारों की सक्रियता

Giridih News :जिला भाजपा में सांगठनिक चुनाव का शंखनाद हो चुका है. चुनावी तिथि की घोषणा कर दी गई है. एक मार्च से लेकर 21 मार्च तक होने वाले विभिन्न पदों के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गयी है. खासकर मंडल अध्यक्षों के चुनाव को लेकर दावेदारों की सक्रियता बढ़ गयी है.

विज्ञापन

जिले के 33 मंडलों में प्रत्येक में आधा दर्जन से अधिक दावेदार, भाग-दौड़ शुरू

जिला भाजपा में सांगठनिक चुनाव का शंखनाद हो चुका है. चुनावी तिथि की घोषणा कर दी गई है. एक मार्च से लेकर 21 मार्च तक होने वाले विभिन्न पदों के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गयी है. खासकर मंडल अध्यक्षों के चुनाव को लेकर दावेदारों की सक्रियता बढ़ गयी है. इन दावेदारों द्वारा भाग-दौड़ शुरू कर दी गयी है. भाजपा के वरीय नेताओं से संपर्क साधने के अलावा मंडल स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से मिलने-जुलने का सिलसिला शुरू कर दिया गया है. मंडल अध्यक्ष बनने की चाहत में गणेश परिक्रमा भी शुरू कर दी गयी है. एक-एक मंडल में आधा दर्जन ऐसे दावेदार हैं, जो मंडल अध्यक्ष बनना चाहते हैं. इनमें से कुछ खुलकर सामने आ रहे हैं तो कुछेक पूरे माहौल को टटोलने में लगे हुए हैं. खासकर जिन विधानसभा सीटों पर भाजपा का कब्जा है, वहां पर मंडल अध्यक्ष पद के दावेदारों की लंबी फेहरिस्त है.

जिले में हैं 34 मंडल

बता दें कि गिरिडीह जिले में भाजपा की सांगठनिक दृष्टिकोण से 34 मंडल हैं. हरेक मंडल में अध्यक्ष के लिए पांच से छह दावेदार हैं. पार्टी सूत्रों के मुताबिक प्रत्येक मंडल में जितने बूथ हैं, उन बूथों की संख्या के अनुरूप कम से कम 50 फीसद सक्रिय सदस्य होना जरूरी है, तभी उक्त मंडल में चुनावी प्रक्रिया संभव है. अगर किसी मंडल में बूथों के अनुसार 50 फीसद से कम सक्रिय सदस्य बने हुए हैं तो वहां पर मनोनयन की प्रक्रिया से मंडल अध्यक्ष चुने जायेंगे. पार्टी सूत्रों की मानें तो जिले के 34 मंडलों से लगभग 22 मंडल चुनावी अर्हता को पूरा कर रहे हैं. शेष 12 मंडलों में अपेक्षित सक्रिय सदस्य नहीं बन पाये हैं, जो 22 मंडल चुनावी अर्हता को पूरा कर रहे हैं, वह जमुआ, धनवार एवं बगोदर विधानसभा क्षेत्र में पड़ते हैं. शेष 12 मंडल गिरिडीह, गांडेय एवं डुमरी विधानसभा क्षेत्र में आते हैं. इधर, माना जा रहा है कि सक्रिय सदस्य बनाने की अर्हता पूरा नहीं कर पाने की स्थिति में भी 12 मंडलों में मंडल अध्यक्ष मनोनीत तो किये जायेंगे, परंतु वह जिलाध्यक्ष के चुनाव में भाग नहीं ले पायेंगे. यही वजह है कि चुनावी घोषणा होने के बाद अब कई मंडलों में सक्रिय सदस्य बनाने के लिए जोर आजमाइश शुरू कर दी गयी है.

प्रत्येक मंडलों से तीन-तीन दावेदारों की सूची तैयार करेंगे मंडल प्रभारी

जिले के मंडलों में छह मार्च से नौ मार्च तक चुनावी प्रक्रिया चलेगी. मंडल प्रभारियों को जिम्मेदारी दी गई है कि वह संबंधित मंडल में जाकर पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं से राय मशविरा कर मंडल अध्यक्ष के लिए तीन दावेदारों की सूची तैयारी कर चुनाव अधिकारी को सौंपे. इन्हीं तीन नामों में से एक नाम की घोषणा 16 से 19 मार्च तक की जायेगी. इससे पूर्व बूथ कमेटियों का गठन एवं शक्ति केंद्रों के संयोजक और सह संयोजक की सूची तैयार कर लेनी है. जिला चुनाव पर्यवेक्षक अनंत ओझा के निर्देश के आलोक में सांगठनिक चुनाव के निष्पादन के लिए मंडल प्रभारियों का मंडलवार दौरा शुरू हो गया है.

आम सहमति से करना है मंडल अध्यक्षों व जिलाध्यक्ष का चयन : अशोक उपाध्याय

जिला भाजपा के चुनाव सह अधिकारी अशोक उपाध्याय ने बताया कि आम सहमति से मंडल अध्यक्षों व जिलाध्यक्ष का चयन करना है, ताकि संगठन का काम सुचारू रूप से हो सके. कहा कि प्रत्येक मंडलों में तीन-तीन दावेदारों के नामों को सूचीबद्ध कर उसे प्रदेश नेतृत्व के समक्ष भेजा जायेगा. वहां से सहमति मिलने के बाद एक नाम की घोषणा कर दी जायेगी. एक सवाल के जवाब में श्री उपाध्याय ने कहा कि जिन मंडलों में सक्रिय सदस्यों की अर्हता पूरी नहीं होगी, वहां पर भी मंडल अध्यक्ष का चयन किया जायेगा, किंतु वैसे मंडल अध्यक्ष जिलाध्यक्ष के चुनाव में भाग नहीं ले पायेंगे. एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पार्टी संविधान के मुताबिक लगातार दो बार से अधिक कोई अध्यक्ष नहीं बन सकते हैं, लेकिन गिरिडीह जिला सहित कई जिलों में अध्यक्ष का दूसरा टर्म पूरा नहीं हो पाया है. ऐसी स्थिति में संगठन इस पर विचार कर सकता है.

सांगठनिक दृष्टिकोण से दो भागों में विभक्त हो सकता है गिरिडीह जिला

भाजपा की सांगठनिक दृष्टिकोण से इस बार गिरिडीह जिला को दो भागों में विभक्त करने की संभावना है. जिला भाजपा की ओर से प्रदेश में इस तरह का प्रस्ताव दिया गया है. उम्मीद जतायी रही है कि प्रदेश इस पर जल्द मुहर लगाकर घोषणा कर सकती है. इस बाबत भाजपा जिला चुनाव सह अधिकारी अशोक उपाध्याय ने बताया कि संगठन के दृष्टिकोण से गिरिडीह बड़ा जिला है. ऐसे में सुचारू रूप से सांगठनिक कार्यों के लिए गिरिडीह जिले को दो भागों में विभक्त किया जाना बेहतर होगा. इसको लेकर मौखिक रूप से प्रदेश नेतृत्व के समक्ष प्रस्ताव दिया गया है. सुचारू रूप से संगठन चलाने के लिए प्रदेश नेतृत्व को सबकुछ तय करना है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola